मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर महिला सम्मेलन में एक करोड़ 31 लाख लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1597 करोड़ रूपए अंतरित किए। इस माह बहनों को बढ़ी हुई राशि के रूप में 1250 रूपए की किस्त जारी की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनें शासन-प्रशासन की गतिविधियों में भाग लें, इसी उद्देश्य से नगरीय निकायों और पंचायतों के चुनावों में महिला आरक्षण की व्यवस्था की गई। पुलिस में बेटियों की 30 प्रतिशत भर्ती आरंभ की गई, इसे बढ़ाकर 35 प्रतिशत किया जाएगा। पुलिस में बड़ी संख्या में बेटियों के आने से बहन-बेटियों की सुनवाई अधिक संवदेनशीलता से हो रही है। मैं बेटियों को बोझ नहीं वरदान बनाने और बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ। मुझे बहनों की आँखों के आंसू पोंछने, उन पर हो रहे अत्याचार और अन्याय समाप्त करने के लिए ही भगवान ने धरती पर भेजा है। हमने प्रदेश में तय किया कि जो भी मासूम बेटियों के साथ दुराचार करेगा, उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बुरहानपुर जिले में 182 करोड़ 72 लाख रूपए की लागत से बने 26 कार्यों का लोकार्पण तथा 219 करोड़ 60 लाख रूपए की लागत के 19 कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया। लोकार्पण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 68 करोड़ 21 लाख की लागत से बने असीर-धूलकोट-घाटाखेड़ी मार्ग, 38 करोड़ 82 लाख की लागत से नेपानगर रेलवे क्रासिंग पर बने ओव्हर ब्रिज, 50 सीटर डिग्री कॉलेज भवन धूलकोट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नेपानगर, शाही किला बुरहानपुर में लाईट एंड साउंड प्रोग्राम की व्यवस्था तथा अन्य कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 145 करोड़ की पांगरी मध्यम सिंचाई परियोजना, 23 करोड़ की इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर स्थित 13.80 किलोमीटर लंबे नेपाफाटा से नेपानगर मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्यों का भूमिपूजन भी किया। प्रदेश में बेटा-बेटी बराबर हों मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना, बहनों के आत्म-सम्मान और आत्म-विश्वास को बढ़ाने के लिए आरंभ की गई है। बहनें योजना में मिल रही राशि का सही उपयोग करें और अपनी जिन्दगी बदलें। हम हर बहन की प्रतिमाह आय 10 हजार रूपए करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की बहनों ने कई कार्य आरंभ किए हैं। बहनें गर्व और सम्मान के साथ अपनी जिन्दगी जिये, यह हमारा मिशन है। मेरे लिए वो दिन चैन और संतोष का होगा जिस दिन एक हजार बेटों पर समान लिंगानुपात में एक हजार बेटियां जन्म लेंगी। प्रदेश में बेटा और बेटी बराबर हों। मुख्यमंत्री श्री चौहान बहनों के स्नेह और अपनत्व से हुए भावुक मुख्यमंत्री श्री चौहान का जनप्रतिनिधियों ने बड़ी पुष्प माला से स्वागत किया। बहनों द्वारा आरती उतारने और उनके स्वरचित गीतों की प्रस्तुति से भावुक होकर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं वचन देता हूँ कि “बहनों के जीवन में कभी अंधेरा नहीं रहने दूंगा”। उन्होंने कहा कि “महिला सशक्तिकरण की आवाज हूँ – मैं शिवराज हूँ”, महिला सशक्तिकरण मेरे लिए जीवन का मिशन है, मुझे बहन-बेटियों में जगत जननी भवानी के दर्शन होते हैं। बुरहानपुर में जल जीवन मिशन में सभी घरों में नल से जल मिल रहा है मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बुरहानपुर में सिंधी भाईयों की समस्याओं का समाधान करते हुए जली दुकानों के लिए निविदा जारी कर दी गई है। जली दुकानों के बदलें उन्हें दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, राशि का अंतर राज्य सरकार वहन करेगी। ताप्ती मेगा रिचार्ज की योजनाओं को भी मूर्त रूप दिया जाएगा, जिससे पानी की कमी न रहे। बुरहानपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी घरों में नल से जल उपलब्ध कराया जा रहा है। गरीब और‍किसान के बच्चों को निजी स्कूलों से भी बेहतर स्कूल मिलेंगे मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीब और‍किसानों के बच्चों को भी निजी स्कूलों से भी अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए प्रदेश में सीएम राइज स्कूल बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक स्कूल की बिल्डिंग 38 से 40 करोड़ रूपये की लागत से बन रही है। यह स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। विद्यार्थियों को लैब, लेपटॉप, लायब्रेरी, खेल मैदान, स्मार्ट क्लास, विद्यार्थियों को बस से आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। सभी को शिक्षा का समान अधिकार मिले, इसके लिए हम हर स्तर पर कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उनमें प्रतिस्पर्धा का भाव विकसित करने के उद्देश्य से उन्हें लेपटॉप, स्कूटी आदि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थी पढ़ें और आगे बढ़ें, हमारी यही मंशा है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 8 लाख रूपए तक है, उन परिवारों के बच्चों का प्रतिष्ठित मेडिकल, इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश होने पर फीस का भुगतान राज्य सरकार द्वारा कराया जाएगा। आकर्षण का केन्द्र रहा केले के रेशे से बना फोटो फ्रेम मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्जवलित एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला सम्मेलन में मौजूद बहनों का मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान की बहनों ने आरती तथा नजर उतारकर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान को स्व-सहायता समूह की बहनों ने एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत केले के रेशे से बनाए फोटो फ्रेम भेंट किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान को बुरहानपुर के पर्यटन स्थलों की एक झलक पर आधारित प्रतिकृति भेंट की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किए हितलाभ वितरित मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीखो-कमाओ योजना, एम.एस.एम.ई. प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। जय श्री राम स्व-सहायता समूह को कच्ची घानी तेल के लिए तीन लाख रूपए का चेक प्रदान किया गया। ग्राम हिंगना रैयत की राशन दुकान का आवंटन स्व-सहायता समूह को किया गया। श्री अमित पाटिल को केला यूनिट लगाने और सुश्री वैष्णवी शिंदे को ग्राम बोरसर में कस्टम हायरिंग केन्द्र के लिए आर्थिक सहयोग का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री तथा बुरहानपुर के प्रभारी श्री प्रेम सिंह पटेल, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, विधायकगण, नगरीय निकायों तथा पंचायतों के पदाधिकारी, पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एशियन गेम्स में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का किया सम्मान
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता में मध्यप्रदेश शासन के योगदान को बताया महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने एशियन गेम्स में पदकों की झड़ी लगाने वाले मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी भोपाल के प्रतिभावान खिलाड़ी श्री ऐश्वर्य प्रताप सिंह तौमर और सुश्री आशी चौकसे का केबिनेट बैठक के पहले मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शॉल और पुष्प-गुच्छ से सम्मान किया। केबिनेट के सभी सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकानाएँ दीं।

उल्लेखनीय है कि 19वीं एशियन गेम्स, हांगझोऊ चायना में 23 सितंबर, 2023 से 8 अक्टूबर, 2023 के दौरान मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी भोपाल के खिलाड़ी श्री ऐश्वर्य प्रतापसिंह तोमर द्वारा रायफल विधा में 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक, इस प्रकार कुल 4 पद अर्जित किए। खिलाड़ी श्री ऐश्वर्य ने 10 मीटर एयर रायफल में वर्ल्ड रिकार्ड भी बनाया। सुश्री आशी चौकसे ने रायफल विधा में 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक इस प्रकार कुल 3 पदक अर्जित किए। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता में मध्यप्रदेश शासन के योगदान को महत्वपूर्ण बताया और प्रदेश के युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रयास करने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *