कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

विकसित भारत संकल्प यात्रा शासन की पहली प्राथमिकता है, सभी संबंधित विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से कर यात्रा का सुचारु एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करें, यह निर्देश कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक लेकर दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग प्रमुख ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी‘ के लिए योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता करवाएं, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा भ्रमण के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में नागरिक सहभागी बन सके, इसके लिए कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। केंद्र शासन की योजनाओं का लाभ देने हेतु कार्यक्रम स्थल पर विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करें, स्वास्थ्य विभाग, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर कार्यक्रम स्थल पर लगाएं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान शासन स्तर से प्राप्त आईईसी वैन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्वागत, प्रधानमंत्री जी के संदेश सहित सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की जाए। नियुक्त नोडल अधिकारी कार्यक्रम के पूर्व ही सभी तैयारी सुनिश्चित कर ले तथा कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए।

कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिन किसानों की ई-केवाईसी होना शेष है उनकी शत-प्रतिशत ई-केवाईसी करवाएं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरसीएमएस पोर्टल एवं राजस्व न्यायालय में लंबित अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अन्य प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें। सभी राजस्व मदों में राजस्व लक्ष्य अनुसार वसूली भी की जाए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, स्वामित्व योजना की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश तहसीलदारों को दिए। कलेक्टर ने विभागवार अनुकंपा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुकंपा के लंबित प्रकरण में नियमानुसार कार्यवाही करते हुए निराकरण करें। उन्होंने अमृतसर योजना एवं नल जल योजना की विस्तार पूर्वक समीक्षा कर निर्माणाधीन कार्यों को समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में यूरिया के वितरण एवं उपलब्धता की समीक्षा कर निर्देश दिए कि जिले के किसानों को आवश्यकता अनुसार यूरिया मिलता रहे, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता रखी जाए।बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समय सीमा के लंबित पत्र एवं जनसुनवाई के आवेदनों की भी कलेक्टर द्वारा समीक्षा कर निराकरण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

बैठक में एडीएम श्री आर पी वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एस डीएम आगर श्री सत्येन्द्र बैरवा, एसडीएम सुसनेर श्री मीलिन्द ढोके, डिप्टी कलेक्टर सर्वेश यादव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *