भारत ने हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की:PAK मीडिया का दावा- भारत हमसे सहयोग चाहता है; मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है आतंकी

भारत ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की है। पाकिस्तानी मीडिया ने यह दावा किया है।

इस्लामाबाद पोस्ट के मुताबिक भारत सरकार ने औपचारिक रूप से पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से आतंकी हाफिज सईद को भारत के हवाले करने की मांग की है।

इस्लामाबाद पोस्ट की रिपोर्ट में राजनयिक सूत्रों के हवाले से लिखा गया- पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को भारत सरकार से एक आधिकारिक अनुरोध मिला है। इसमें हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया है। हालांकि, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

रिपोर्ट में दावा- PAK भारत से सहयोग चाहता है
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह औपचारिक अनुरोध दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में एक नया आयाम जोड़ता है, क्योंकि भारत सीमा पार घटनाओं में शामिल लोगों को पकड़ने और न्याय के दायरे में लाने के लिए पाकिस्तान से सहयोग चाहता है। अगर प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की जाती है, तो दोनों देशों के संबंधित अधिकारियों के बीच सहयोग और बातचीत की जरूरत होगी।

अमेरिका ने सईद को वैश्विक आतंकी घोषित किया है। उस पर 83.23 करोड़ रुपए (10 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का इनाम भी है।
कहां है हाफिज सईद
हाफिज सईद इस वक्त कथित तौर पर जेल में है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स और यहां तक कि पाकिस्तानी जर्नलिस्ट्स भी खुलासा कर चुके हैं कि सईद जेल में नहीं है, बल्कि वो अपने घर में ही है। इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की निगरानी में वो जेल के बजाय घर में ही रहता है। सईद को करीब चार साल से किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नहीं देखा गया है।

26 नवंबर 2008 में भारत के मुंबई में आतंकियों ने ताज होटल में घुसकर फायरिंग और ब्लास्ट किए थे। इस हमले में 9 हमलावरों समेत करीब 180 लोगों की मौत हो गई थी।
26/11 के हमले को लेकर 68 साल की जेल
पाकिस्तान की एंटी टेररिज्म कोर्ट ने 2021 में जमाद-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को टेरर फाइनेंसिंग के 2 मामलों में 32 साल की सजा सुनाई थी। 26/11 के मुंबई हमलों के इस मास्टरमाइंड को कुल 7 केस में 68 साल की सजा सुनाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *