साइबर तहसील परिकल्पना और उसके ट्रायल रन पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से उनके निवास पर भेंट की और प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा कर उनका महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री शाह को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सुशासन से सुराज’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रदेश में लागू की गई साइबर तहसील की परिकल्पना से अवगत कराया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश में 1-5 जनवरी 2024 के बीच संपन्न हुए साइबर तहसील के सफल ट्रायल रन की जानकारी दी, जिसके तहत आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अचल संपत्ति की रजिस्ट्री के 15 दिन की समय-सीमा के अंदर बिना पृथक से आवेदन दिए ऑनलाइन, पेपरलेस, फेसलेस प्रक्रिया से क्रेता के पक्ष में नामांतरण हो जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री शाह से उनकी सुविधा के अनुसार समय प्रदान कर मुख्य अतिथि के रूप में साइबर तहसील व्यवस्था को प्रदेश के सभी 55 जिलों में लोकार्पित करने का भी अनुरोध किया।