PM मोदी की जम्मू के उधमपुर में रैली:कहा- दशकों बाद ये पहला चुनाव जिसमें आतंकवाद-अलगाववाद, पत्थरबाजी या बंद मुद्दा नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा- मैं उधमपुर पिछले कई दशकों से आ रहा हूं। जम्मू-कश्मीर की धरती पर मेरा आना जाना पिछले 5 दशक से चल रहा है। मुझे याद है 1992 में एकता यात्रा के दौरान यहां आपने भव्य स्वागत और सम्मान किया था।

आप भी जानते हैं कि तब हमारा मिशन लाल चौक पर तिरंगा फहराने का था, तब यहां माताओं-बहनों ने बहुत आशीर्वाद दिया था। 2014 में माता वैष्णो देवी के दर्शन करके आया था और इसी मैदान पर मैंने आपको गारंटी दी थी कि जम्मू कश्मीर की अनेक पीढ़ियों ने जो कुछ सहा है, उससे मुक्ति दिलाऊंगा।

आज आपके आशीर्वाद से मोदी ने वो गारंटी पूरी कर दी है। दशकों बाद ये पहला चुनाव है, जब आतंकवाद, अलगाववाद, पत्थरबाजी, बंद, हड़ताल, सीमा पार से गोलीबारी, ये चुनाव के मुद्दे ही नहीं हैं। तब माता वैष्णो देवी यात्रा हों या अमरनाथ यात्रा, ये सुरक्षित तरीके से कैसे हों इसको लेकर ही चिंता होती थी।

आज स्थिति एकदम बदल गई है। आज जम्मू कश्मीर में विकास भी हो रहा है और विश्वास भी बढ़ रहा है। इसलिए आज जम्मू कश्मीर के चप्पे-चप्पे से एक ही गूंज सुनाई दे रही है- फिर एक बार मोदी सरकार।

ये चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का नहीं है, बल्कि ये चुनाव देश में एक मजबूत सरकार बनाने का चुनाव है। और सरकार जब मजबूत होती है, तो जमीन पर चुनौतियों के बीच भी, चुनौतियों को चुनौती देते हुए काम करके दिखाती है।

उधमपुर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह चुनाव लड़ रहे
उधमपुर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह 2014 से सांसद हैं। सिंह ने 2014 में उधमपुर से जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को हराया था। कांग्रेस ने उधमपुर से चौधरी लाल सिंह को मैदान में उतारा है।

कठुआ बलात्कार के आरोपियों के समर्थन में आयोजित एक रैली में भाग लेने के बाद इस्तीफा देने के लिए मजबूर होने के छह साल बाद कांग्रेस ने लाल सिंह को अपने पाले में वापस ले लिया। इंडिया ब्लॉक में भागीदार पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने लाल सिंह को अपना समर्थन दिया है।

उधमपुर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में जम्मू-कश्मीर की छह में से तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी तीन सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जीतीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *