21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग:मणिपुर में फायरिंग में 3 घायल, EVM तोड़ी, कूचबिहार में हिंसा; बंगाल में सबसे ज्यादा 34% मतदान

लोकसभा के फर्स्ट फेज में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। PM मोदी ने सभी से वोट डालने की अपील की। उन्होंने हिन्दी, तमिल, मराठी समेत 5 भाषाओं में ट्वीट किया। वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग बंगाल में हुई। यहां 33.56% वोट पड़े। सबसे कम वोटिंग लक्षद्वीप में हुई, यहां 16.33% मतदान हुआ। 21 राज्यों में वोटिंग का एवरेज 25% है।

वोटिंग के दौरान मणिपुर के बिष्णुपुर में फायरिंग, बंगाल के कूचबिहार हिंसा और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (मणिपुर इनर और मणिपुर आउटर) पर भी इस फेज में वोटिंग है। हिंसा को देखते हुए आउटर सीट के कुछ हिस्सों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।2019 में इन 102 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। इस फेज में अधिकतर सीटों पर मुकाबला इन्हीं 3 दलों के बीच है। फर्स्ट फेज में 1,625 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 1,491 पुरुष, 134 महिला कैंडिडेट हैं। 8 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। इस फेज के बाद 26 अप्रैल को दूसरे फेज की वोटिंग होगी। कुल 7 फेज में 543 सीटों पर 1 जून को मतदान खत्म होगा। सभी सीटों के रिजल्ट 4 जून को आएंगे।

बिहार के नवादा में एक बूथ पर एक भी वोटर नहीं पहुंचा
बिहार में नवादा के दनिया कौआकोल मतदान केंद्र पर सुबह 11.30 बजे तक कोई वोटर नहीं पहुंचा। यहां के वोटरों ने बूथ दूसरी जगह बनाने के विरोध में वोटिंग का बहिष्कार कर दिया है। नवादा में बूथ संख्या 234 से एक सिपाही की एसएलआर रायफल और 20 गोलियां चोरी हो गई। जिसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया।

3 किमी पहाड़ी पार कर वोट देने पहुंचे ग्रामीण
बस्‍तर लोकसभा सीट के गुटूररास इलाके के ग्रामीण 3 किमी पैदल चलकर पहाड़ी पार कर वोट देने मिरीवाड़ा पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि वोट देने से गांव में विकास होगा। गांव तक पानी और सड़क की सुविधा पहुंचेगी।

झुंझुनूं में आईआरएस अधिकारी ने 21 किलोमीटर दौड़कर मतदान किया
राजस्थान में झुंझुनूं के आईआरएस अधिकारी सुशील कुलहरी ने 21 किलोमीटर दौड़ लगाकर मतदान किया। सुशील सुबह जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से अपने गांव तिलोका का बास के मतदान केंद्र तक 21 किमी की दौड़ (हाफ मैराथन) लगाकर मतदान केंद्र पर पहुंचे। उसके बाद मतदान किया। उनका बेटा साइकिल चलाकर साथ रहा। सुशील ने मई 2019 के लोकसभा चुनाव और नवंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में भी अपने परिवार एवं मित्रों के साथ मतदान केंद्र तक 21 किमी की दौड़ लगाकर मतदान किया था और मतदाताओं को मतदान के प्रेरित किया था।

दिव्यांगों-बुजुर्गों को रथ में बैठाकर वोटिंग के लिए लाया गया
महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में नए मतदाताओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों को रथ में बैठाकर ढोल-नगाड़े बजाते हुए मतदान केंद्र तक ले जाया गया।

मणिपुर में मतदान केंद्र पर फायरिंग में 3 घायल, EVM में तोड़फोड़
मणिपुर के इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर फायरिंग हुई है। बिष्णुपुर जिले के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी हुई है। इसमें 3 लोग घायल हुए हैं। वहीं इम्फाल पूर्व के थोंगजू के एक बूथ पर EVM में तोड़फोड़ की खबर है। राज्य की दो सीटों- इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर सीट पर आज वोटिंग हो रही है। आउटर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। मणिपुर में पिछले साल 3 मार्च से हिंसा जारी है।

दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति ने नागपुर में मतदान किया
दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति आम्गे ने नागपुर में मतदान किया। अभी ज्योति की उम्र 30 साल है। 18 साल की उम्र से पहले उनकी लंबाई 2 फीट 0.3 इंच थी। 18 साल के बाद उनकी लंबाई 2 फीट 0.7 इंच थी। इसके बाद वह दुनिया की सबसे छोटी महिला बन गई। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पोलिंग बूथ से 500 मीटर दूर ग्रेनेड ब्लास्ट
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर थाना इलाके के गलगम में CRPF-196 बटालियन के जवान एरिया डॉमिनेशन पर निकले थे। इसी दौरान UBGL सेल ब्लास्ट होने से एक जवान को चोट आई है। इससे 500 मीटर के फासले पर पोलिंग बूथ है। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया है।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मतदान रुका
गढ़चिरौली के कुरखेडा मतदान केंद्र पर EVM मशीन में खराबी के चलते पिछले 2 घंटे से वोटिंग रुकी हुई है।

सद्गुरु जग्गी वासुदेव, बाबा रामदेव ने वोट डाला
सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने कोयंबटूर, बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने हरिद्वार में मतदान किया।
रामदेव ने कहा कि हमने भारत की आजादी, एकता के लिए वोट डाला है। हमने चिकित्सा की आजादी के लिए मतदान किया है। वे बोले- हमें एक ऐसा भारत बनाना है कि यहां के नागरिक को खुद को भारतीय कहने में गर्व हो।

गडकरी नागपुर के टाउन हॉल वोटिंग करने पहुंचे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर के टाउन हॉल वोटिंग करने पहुंचे। इस बार नागपुर में करीब 65% वोटिंग होने का अनुमान उन्होंने व्यक्त किया है। भाजपा नागपुर में 75% वोटिंग कराने के टारगेट पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *