इजराइल ने ईरानी हमले के 6 दिन बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे (भारतीय समयानुसार) जवाबी कार्रवाई की है। ABC न्यूज के मुताबिक इजराइल ने ईरान के परमाणु ठिकाने वाले शहर इस्फहान को निशाना बनाया। इसके अलावा इराक और सरिया में भी एयरस्ट्राइक की हैं।
इस्फहान वही प्रांत है, जहां नतान्ज समेत ईरान की कई न्यूक्लियर साइट्स मौजूद हैं। नतान्ज ईरान के यूरेनियम प्रोग्राम का मुख्य हिस्सा है। ईरान की फारस न्यूज एजेंसी ने भी धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। हमला ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के जन्मदिन के दिन हुआ है। हालांकि, इजराइल ने अब तक हमला करने की पुष्टि नहीं की है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइट रडार’ के मुताबिक, धमाकों के बाद ईरानी एयरस्पेस से कई फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है। CNN न्यूज के मुताबिक, करीब 8 विमानों के रास्ता बदलने की खबर है।इससे पहले 13 अप्रैल को ईरान ने इजराइल पर 300 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन्स से हमला किया था। इस दौरान उन्होंने इजराइल के नेवातिम एयरबेस को टारगेट किया था। हमले को रोकने में फ्रांस और ब्रिटेन और अमेरिका ने इजराइल की मदद की थी।
इजराइल ने कहा था कि ईरान के 99% हमलों को रोक दिया गया। ईरान के हमले के बाद इजराइल ने बदला लेने की चेतावनी दी थी। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जवाबी कार्रवाई के लिए वॉर कैबिनेट की 5 बैठकें की थीं।
‘हमले के जरिए इजराइल ने ईरान को वॉर्निंग दी’
इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने वॉशिंगटन पोस्ट को बताया कि ईरान पर हुई ड्रोन स्ट्राइक का मकसद उन्हें यह बताना था कि इजराइल चाहे तो ईरान पर हमला कर सकता है।
इजराइली अधिकारी ने कहा कि ईरान को चेतावनी देने के लिहाज से ही उनकी मिलिट्री साइट को टारगेट किया गया था।
ईरान ने कहा था- इजराइल ने हमला किया तो उनके परमाणु ठिकानों पर अटैक करेंगे
ईरान की सेना इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने हमले से पहले गुरुवार को चेतावनी दी थी कि अगर इजराइल ने अटैक किया तो वो अपना परमाणु सिद्धांत बदल सकते हैं।
तस्नीम न्यूज के मुताबिक, ईरानी सेना में न्यूक्लियर सिक्योरिटी के इनचार्ज अहमद हागतलाब ने कहा था, “अगर इजराइल ने हमारे परमाणु ठिकानों पर हमला किया, तो हम इसका जवाब जरूर देंगे। हम अच्छी तरह से जानते हैं कि दुश्मन की न्यूक्लियर साइट्स कहां हैं। हमें सिर्फ अपनी ताकतवर मिसाइलों का ट्रिगर दबाना होगा।”
ईरान बोला- हमले से कोई नुकसान नहीं हुआ
ईरान की सेना के सीनियर कमांडर सियावोश मिहानदुस्त ने कहा है कि इजराइल के कथित हमले से कोई नुकसान नहीं हुआ है।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, कमांडर ने कहा कि धमाकों की जो आवाज सुनाई दी थी वो असल में एयर डिफेंस की आवाज थी, जब वो संदिग्ध ऑब्जेक्ट्स को निशाना बना रहा था।
ईरान ने फ्लाइट्स पर लगी रोक हटाई, एयरपोर्ट पर सेवाएं फिर शुरू
हमलों की खबरों के करीब 4 घंटे बाद ईरान ने फ्लाइट्स पर लगी रोक हटा दी है। तेहरान के इमाम खुमैनी और मेहराबाद एयरपोर्ट पर सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।
दुबई से तेहरान जा रही फ्लाइट UAE लौटी
CNN न्यूज के मुताबिक, ईरान पर हमलों की खबर के बीच शुक्रवार सुबह दुबई से तेहरान जा रही एक फ्लाइट वापस UAE लौट गई।दरअसल, हमले के बाद तेहरान के इमाम खुमैनी एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था। फ्लाई-दुबई कंपनी ने बताया कि उन्होंने ईरान जाने वाली सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं।
हमले से पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री और इजराइल के डिफेंस मिनिस्टर ने बातचीत की थी
CNN के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले गुरुवार को अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने इजराइली रक्षा मंत्री योव गैलेंट से फोन पर बात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान के हमले और मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने को लेकर चर्चा की थी। पेंटागन के स्टेटमेंट में ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई को लेकर किसी चर्चा का जिक्र नहीं किया गया है।
दावा- ईरान से ही लॉन्च हुए थे कम रेंज वाले ड्रोन्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के स्पेस एजेंसी के प्रवक्ता हुस्सैन डालीरियन ने दावा किया है कि जिन ड्रोन्स से हमला किया गया, वो ईरान से लॉन्च किए गए थे। यह कम रेंज वाले ड्रोन्स थे, जिन्हें हमले से पहले ही रोक दिया गया।
ऑस्ट्रेलिया ने अपने नागरिकों को ईरान-इजराइल छोड़ने को कहा
ईरान-इजराइल में बढ़ते तनाव के बीच ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों से अपने नागरिकों को निकलने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा, “ईरान और इजराइल में सैन्य गतिरोध और आतंकी हमले का खतरा बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा स्थिति खराब होने की आशंका है। ऐसे में हम ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों से सुरक्षा का ध्यान रखते हुए दोनों देश छोड़ने की अपील करते हैं।”
ऑस्ट्रेलिया ने यह भी कहा है कि हमलों के बीच एयरस्पेस बंद हो सकते हैं। साथ ही कई फ्लाइट्स को कैंसिल या डायवर्ट किया जा सकता है, जिसके बाद देश छोड़ना मुश्किल हो जाएगा।
दावा-ईरान में निशाने पर था मिलिट्री बेस
अमेरिकी मीडिया न्यूयॉर्क टाइम्स ने इजराइल के 3 अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि एयरस्ट्राइक में ईरान के इस्फहान प्रांत में मौजूद मिलिट्री बेस को निशाना बनाया गया था।
यरुशलम में अमेरिकी दूतावास ने सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया
ईरान पर हुए हमले को देखते हुए यरुशलम में मौजूद अमेरिकी एम्बेसी ने सिक्योरिटी अलर्ट जारी कर दिया है। अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों और उनके परिवार को तेल अवीव, यरुशलम और बीरशेबा के इलाके में न जाने की सलाह दी गई है।
दावा- इजराइल ने अमेरिका को दी थी हमले की खबर
इजराइल ने हमले से करीब 24 घंटे पहले अमेरिका को इसकी जानकारी दी थी। NBC न्यूज ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने गुरुवार को अमेरिका से कहा था कि वे अगले 1-2 दिन के अंदर ईरान पर अटैक करेंगे।
सीरिया की मिलिट्री साइट्स और इराक में भी धमाके
कतर के मीडिया हाउस अलजजीरा ने ईरान की IRNA न्यूज के हवाले से दावा किया है कि सीरिया में भी कई मिलिट्री साइट्स पर धमाके हुए हैं।
इस दौरान अदरा और अल-थाला मिलिट्री एयरपोर्ट के साथ ही रडार बटैलियन को निशाना बनाया गया। इसके अलावा इराक में भी अल-इमाम क्षेत्र में भी धमाकों की खबर सामने आई है।
ईरानी एयरस्पेस से फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं
ईरान पर एयरस्ट्राइक की खबरों के बीच ईरानी एयरस्पेस के ऊपर से गुजरने वाली कई फ्लाइट्स का रास्ता बदल दिया गया है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट रडार ने इसकी जानकारी दी।
ईरान का दावा- न्यूक्लियर साइट सुरक्षित, ड्रोन्स मार गिराए
ईरान पर इजराइल के मिसाइल अटैक की खबरों को ईरान ने खारिज कर दिया है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, ईरान के स्पेस एजेंसी के प्रवक्ता हुस्सैन डालीरियन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए बताया कि ईरान ने इजराइल के कई ड्रोन्स को मार गिराया है।
फिलहाल किसी भी शहर में मिसाइल अटैक की जानकारी नहीं मिली है। ईरान के लोकल मीडिया तस्नीम न्यूज ने दावा किया है कि इस्फहान शहर में न्यूक्लियर फैसेलिटी पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
ईरान पर हमले के बीच तेल की कीमतों में उछाल
ईरान-इजराइल में बढ़ते तनाव के बीच तेल के दाम 4% तक बढ़ गए हैं। अमेरिकी तेल की कीमतें 3.7% बढ़कर 85.80 डॉलर प्रति बैरल हो गईं।
ईरान का दावा- इजराइली क्वॉडकॉप्टर्स को मार गिराया
ईरान के प्रेस टीवी ने दावा किया है कि ईरानी डिफेंस सिस्टम ने कई इजराइली क्वॉडकॉप्टर्स को मार गिराया है।
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का आज जन्मदिन
इजराइल की तरफ से एयरस्ट्राइक की खबर उस वक्त सामने आई है, जब आज ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई अपना 85वां जन्मदिन मना रहे हैं। खामेनेई 1989 से ईरान के सुप्रीम लीडर हैं।
14 अप्रैल को इजराइल पर ईरान के हमले के बाद खामेनेई ने अपनी सेना IRGC को ऑपरेशन सफल होने की बधाई दी थी। इसके साथ ही उन्होंने इजराइल को चेतावनी दी थी कि अगर उसने जवाबी हमला किया तो इस बार ईरान और बड़ा अटैक करेगा।
ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव किए गए
ईरान पर हमलों की खबर के बाद अलग-अलग प्रांतों में एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया है। ईरान की IRNA न्यूज एजेंसी के हवाले से CNN ने इसकी जानकारी दी।
ईरान के एयरपोर्ट्स पर सेवाएं सस्पेंड की गईं
ईरान के स्टेट मीडिया मेहर TV के मुताबिक ईरान के कई एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है। तेहरान, इस्फहान और शिराज एयरपोर्ट पर सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं।