अमेरिका में भारतीय नागरिक को 5 साल की सजा:डार्क वेब पर ड्रग्स बेचकर कमाए 1.25 हजार करोड़; अमेरिका से ब्रिटेन तक नेटवर्क था

अमेरिका में एक 40 साल के भारतीय नागरिक बनमीत सिंह को डार्क वेब पर ड्रग्स बेचने के मामले में दोषी पाया गया है। उसे 5 साल जेल सजा सुनाई गई है। इसके अलावा उसके पास से 1.25 हजार करोड़ रुपए जब्त करने का भी आदेश दिया गया है।

बनमीत हल्द्वानी का रहने वाला है। उसे अप्रैल 2019 में लंदन से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मार्च 2023 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। कोर्ट की कार्यवाही के बीच इस साल जनवरी में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया था।

‘सिल्क रोड’ डार्क वेब पर मौजूद एक मार्केटिंग वेबसाइट है। यहां ड्रग्स और दूसरी खतरनाक दवाएं बेची जाती हैं।
ड्रग्स बेचने के लिए डार्क वेब पर मार्केटिंग साइट्स बनाईं
कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, बनमीत ने डार्क वेब पर मार्केटिंग साइट्स बनाई थीं। इनका नाम सिल्क रोड, अल्फा बे, हन्सा था। यहां वो ड्रग्स और कई दूसरी दवाइयां जैसे फेंटानिल, LSD, एक्सटेसी, केटामाइन और ट्रामाडोल बेचता था।

ड्रग्स को खरीदने वाले ग्राहकक्रिप्टोकरेंसी के जरिए पेमेंट करते थे। इसके बाद बनमीत खुद ड्रग्स की शिपिंग का जिम्मा संभालता था। वो US मेल या दूसरी सेवाओं के जरिए यूरोप से अमेरिका तक ड्रग्स पहुंचाता था। 2012 से जुलाई 2017 के बीच बनमीत के पास अमेरिका में ड्रग्स बेचने के 8 सेंटर थे। ये सभी ओहायो, फ्लोरिडा, मैरीलैंड, न्यूयॉर्क और वॉशिंगटन में मौजूद थे।

अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन में ड्रग्स बेचता था बनमीत
यहां मौजूद कर्मचारी ड्रग्स का शिपमेंट लेकर इसे दोबारा से पैक करते थे। इसके बाद अमेरिका के सभी 50 राज्यों के अलावा कनाडा, इंग्लैंड, आयरलैंड और जमाइका जैसे देशों में ड्रग्स पहुंचाया जाता था।

धीरे-धीरे बनमीत का कारोबार बढ़ने लगा। वह पूरे अमेरिका में कई सौ किलो ड्रग्स बेचने लगा। इसके जरिए बनमीत ने मल्टीमिलियन डॉलर का ड्रग बिजनेस खड़ा किया। वह क्रिप्टोकरेंसी खातों की मदद से ड्रग्स से होने वाली कमाई को वैध बनाने का काम करता था। अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, बनमीत ने इस तरह करीब 1.25 हजार करोड़ की कमाई की।

ड्रग्स तस्करी में भारतीयों की गिरफ्तारी से जुड़े दूसरे मामले…

600 करोड़ की ड्रग तस्करी, सौतेले बेटे की हत्या:भारतीय कपल को ब्रिटेन में 33 साल की जेल; पुलिस को 31.61 करोड़ रुपए नकद मिले थे

ब्रिटेन की एक कोर्ट ने एक भारतीय कपल को 33 साल की सजा सुनाई है। इस कपल पर ड्रग तस्करी के आरोप थे। ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) के मुताबिक आरती धीर और कवलजीत सिंह रायजादा ने 600 करोड़ की 514 किलोग्राम कोकीन ऑस्ट्रेलिया स्मगल की थी। पूरी खबर पढ़ें…

कनाडा में भारतीय मूल के तीन लोग गिरफ्तार:133 करोड़ रुपए की ड्रग तस्करी करने के आरोप, अमेरिका प्रत्यर्पित किए जाएंगे

कनाडा में भारतीय मूल के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर 133 करोड़ रुपए की ड्रग्स की तस्करी का आरोप है। ये लोग मैक्सिको से ड्रग्स खरीदते थे और कनाडा, अमेरिका तक पहुंचाते थे। कनाडा की पुलिस और अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ड्रग तस्करों के पकड़ने के लिए ‘डेड हैंड ऑपरेशन’ चला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *