महिला यात्रियों के बगल वाली सीट चुन सकेंगी फीमेल पैसेंजर:इंडिगो ने ट्रैवल कंफर्ट के लिए शुरू की सुविधा; स्पेशल फ्लाइट सेल का भी ऐलान

इंडिगो ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिससे फीमेल पैसेंजर वेब चेक-इन के दौरान ये देख सकेंगी कि अन्य महिला यात्रियों ने कौन-कौन सी सीट प्री बुक की है। ट्रैवल कंफर्ट और सेफ्टी के लिए एयरलाइन ने ये सुविधा शुरू की है। खास तौर पर ऐसी महिलाएं जो अकेले यात्रा कर रही हों।

इंडिगो ने एक बयान में कहा कि इस सुविधा को लॉन्च करने से पहले, एयरलाइन ने अपनी महिला यात्रियों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने के लिए मार्केट रिसर्च की थी। यह पहल वूमन सेफ्टी और कंफर्ट के प्रति एयरलाइन के कमिटमेंट का हिस्सा है।

केवल वेब चेक-इन के दौरान काम करेगा यह फीचर
इस फीचर के जरिए फीमेल पैसेंजर्स अन्य महिला यात्री के बगल वाली सीट को अपने कंफर्ट के हिसाब से चुन सकती है। हालांकि, यह फीचर केवल वेब चेक-इन के दौरान ही महिला यात्रियों की ओर से बुक की गई सीटों के बारे में बताता है। इंडिगो का यह फीचर अभी टेस्टिंग मोड में है।

कंप्यूटर या स्मार्टफोन से कर सकते हैं चेक-इन
वेब चेक-इन के जरिए पैसेंजर एयरपोर्ट चेक-इन काउंटर पर जाए बिना कंप्यूटर या स्मार्टफोन से चेक-इन प्रोसेस पूरी कर सकता है। आम तौर पर, घरेलू उड़ानों के लिए, डिपार्चर टाइम से 48 घंटे पहले ऑनलाइन चेक-इन कर सकते हैं। टेकऑफ से 2 घंटे पहले ये बंद हो जाती हैं।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए वेब चेक-इन आमतौर पर डिपार्चर टाइम से 24 घंटे पहले शुरू होती है और उड़ान भरने से 60 मिनट पहले बंद हो जाती है। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि विभिन्न एयरलाइनों के लिए वेब चेक-इन समय सीमा अलग हो सकती है।

12 साल से कम उम्र के बच्चों को माता-पिता के साथ सीट देना होगा
बीते दिनों 12 साल से कम उम्र के बच्चों के सीट सिलेक्शन को लेकर भी नियम जारी हुए थे। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिवल एविएशन (DGCA) ने कहा था कि एयरलाइंस को 12 साल से कम उम्र के बच्चों को फ्लाइट में माता-पिता या अभिभावक के साथ सीट अलॉकेट करना होगा।

डीजीसीए ने कहा कि अगर एक ही PNR पर बच्चे और माता-पिता ट्रैवल कर रहे हैं तो उन्हें सीट सिलेक्शन के लिए कोई ऐक्स्ट्रा चार्ज नहीं देना होगा। इसके साथ ही डीजीसीए ने एयरलाइंस से इसका रिकॉर्ड भी मेंटेन करने के लिए भी कहा था।

सिविल एविएशन रेगुलेटर ने यह कदम 12 साल से कम उम्र के बच्चों को उनके माता-पिता या अभिभावकों के साथ नहीं बैठाने के कई मामलों के बाद उठाया था। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऐसा अनुभव शेयर किया था।

इंडिगो ने स्पेशल फ्लाइट सेल शुरू की
नए सीटिंग फीचर के अलावा, इंडिगो ने डोमेस्टिक और इंटरनेशल फ्लाइट के लिए स्पेशल सेल भी शुरू की है। आज से 31 मई 2024 तक चलने वाली इस सेल में किराए की शुरुआत ₹1,199 से होती है। डिस्काउंटेड फेयर इस साल 1 जुलाई से 30 सितंबर के बीच यात्रा के लिए लागू हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *