काराकाट संसदीय सीट से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दो सभाएं कीं। पहले बिक्रमगंज पहुंचे फिर नवीनगर। बिक्रमगंज में राजनाथ सिंह ने कहा रूस और यूक्रेन की लड़ाई चल रही है। यूक्रेन में हजारों बच्चे पढ़ रहे थे। बच्चों की जिंदगी बचाने की चुनौती थी।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने टेलीफोन उठाया, रूस के राष्ट्रपति और यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की और युद्ध रुक गया। यह भारत की ताकत है। हमने जो कहा है, वो किया है। कहा था धारा 370 समाप्त करेंगे और किया है। राम मंदिर बनाएंगे कहा था, बनाया है। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री ने प्राण प्रतिष्ठा कर दी।
आज पांच किलो मुफ्त राशन लोगों को मिल रहा है। एक घर में चार लोग हैं, तो चारों को मिल रहा है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के समर्थन में जनसभा की।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के समर्थन में जनसभा की।
पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों का बढ़ाया हौसला
राजनाथ सिंह ने कहा कि राम लला अपनी झोपड़ी से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हैं। लोगों को पक्का घर दिया, शौचालय बनाया तो एहसान नहीं किया। हम सत्ता में है, लेकिन सेवक के रूप में काम करते हैं। उपेंद्र कुशवाहा को गैस सिलेंडर चुनाव चिन्ह मिला है। यह जानते थे कि मोदी सिलेंडर बांटेंगे।
कहा कि 70 साल पूरा करने वाले लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा, चाहे किसी जाति या धर्म के हों। रक्षा मंत्री ने कहा कि कोरोना का टीका सबको लगा, जिस समय संकट आया था, टीका नहीं था। उस समय पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों का हौसला अफजाई किया, भारत में सभी लोगों को टीका लगा, कई देशों को टीका दिया गया।
जनसभा को संबोधित करते काराकाट से प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा।
जनसभा को संबोधित करते काराकाट से प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा।
राजनाथ बोले- कांग्रेस 10 साल बाद लुप्त हो जाएगी
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि RJD की हवा निकलती जा रही है। अब इन लोगों ने कांग्रेस के साथ गठबंधन बना लिया है। RJD के बारे में मैं केवल एक बात कहूंगा कि लालटेन कितनी रौशनी देगा? लालटेन ज्यादा से ज्यादा एक कमरे में रौशनी दे सकता है इससे ज्यादा लालटेन की ताकत नहीं है। लालटेन की हालत ये हो गई है कि लालटेन का तेल अब समाप्त हो रहा है।
जब लालटेन का तेल खत्म होने लगता है तब बत्ती भभकने लगती है मतलब अब लालटेन बुझने वाली है। यही हाल RJD के लालटेन का है। कांग्रेस की हालत तो ये हो गई है कि 10 साल बाद आप घर के बच्चे से अगर पूछेंगे कि कांग्रेस तो कहेगा कौन कांग्रेस? जैसे धरती से डायनासोर लुप्त हो गया है वैसे ही भारत की राजनीति से कांग्रेस 10 साल बाद लुप्त हो जाएगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जात-पात धर्म पर नहीं जाएं, राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए होती है। देश के स्वाभिमान, मान, सम्मान बनाने के लिए होती है। पहले कांग्रेस के शासन काल में बराबर आतंकवादी वारदात होती थी। अब शायद ही कभी होता हो। इसलिए, देश का सवाल है, उपेंद्र कुशवाहा को गैस सिलेंडर छाप पर मुहर लगा कर विजयी बनाएं। जनसभा को उपेंद्र कुशवाहा, राधा मोहन सिंह, निवेदिता सिंह ने भी संबोधित किया।