आखिरी ओवर और जीत के लिए 5 रन की जरूरत। किसी भी टी-20 मैच में ये रन बेहद मामूली कहे जाएंगे। लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में नामीबिया और ओमान के बीच आज खेले गए मैच में ये मामूली रन भी नहीं बने।
ओमान के गेंदबाजों ने नामीबिया के बल्लेबाजों के लिए ये स्कोर नामुमकिन बना दिया। पहले इस ओवर की कहानी…
एक ओवर में 5 रन चाहिए थे और ओमान के कप्तान आकिब ने मेहरान खान को गेंदबाजी के लिए बुलाया। पहली 3 गेंदों में मेहरान ने बिना रन दिए 2 विकेट लिए। बची हुई 3 गेंदों पर 4 रन बने और मैच टाई हो गया।
टी-20 वर्ल्ड कप में 12 साल बाद एक बार फिर मैच सुपर ओवर में पहुंचा। इससे पहले 2012 में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज का मैच रिजल्ट सुपर ओवर से निकला था। वेस्टइंडीज जीता था।
नामीबिया और ओमान के बीच सुपर ओवर का रोमांच…
नामीबिया की बैटिंग...
पहली गेंद- डेविड विसे को बिलाल खान ने पहली गेंद फेंकी। चौका लगा।
दूसरी गेंद- बिलाल ने फुलटॉस डाली और 39 साल के विसे ने सिक्स लगा दिया।
तीसरी गेंद- विसे ने 2 रन लिए।
चौथी गेंद- विसे ने 1 रन लिया।
पांचवीं गेंद- इरासमस क्रीज पर थे और बिलाल की गेंद पर उन्होंने चौका मारा।
छठवीं गेंद- इरासमस ने फिर चौका लगाया।
ओमान को 22 रन का टारगेट…
पहली गेंद- विसे बॉलिंग के लिए आए। पहली गेंद यॉर्कर डाली और नसीम खुशी ने 2 रन लिए।
दूसरी गेंद- विसे ने फिर यॉर्कर बॉल डाली। नसीम कोई रन नहीं बना पाए।
तीसरी गेंद- विसे ने फिर फुल लेंथ बॉल डाली और बैट से लगकर गेंद स्टंप्स से टकरा गई।
चौथी गेंद- ओमान के कैप्टन आकिब क्रीज पर आए, लेकिन विस ने इस बार लेंथ बॉल डाली। आकिब एक रन बना सके। अब ओमान को 2 गेंदों में 19 रन चाहिए थे।
पांचवीं गेंद- मकसूद स्ट्राइक पर थे, लेकिन वो भी विसे को बाउंड्री पार नहीं पहुंचा सके। सिर्फ 1 रन बना।
छठवीं गेंद- आकिब ने सिक्स लगाया, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी। नामीबिया 11 रन से जीत गया।
नामीबिया-ओमान मैच का स्कोरकार्ड
नामीबिया और ओमान के बीच ये रोमांचक मुकाबला बारबाडोस के केंसिग्टन ओवल मैदान में खेला गया। नामीबिया ने बॉलिंग का फैसला किया। ओमान 109 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
ऐसा लगा कि नामीबिया आसान जीत हासिल करेगी। लेकिन 110 का टारगेट वो भी नहीं हासिल कर पाई। 109 रन ही बना सकी और मैच सुपर ओवर में पहुंचा गया। इस मैच का एनालिसिस
मैच विनर-
नामीबिया की ओर से डेविड विसे ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने सुपरओवर में पहले कप्तान जेराड इरास्मस के साथ मिलकर छह गेंदों पर 21 रन बनाए। इसके बाद इस टारगेट को डिफेंड करने के लिए भी कप्तान ने विसे पर भरोसा जताया। विसे ने सिर्फ 10 रन ही दिए और एक विकेट भी झटका। विसे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ओमान की पारी : बल्लेबाजी नहीं चली, पहले ओवर में 2 विकेट गिरे
ओमान की बल्लेबाजी पहले ही ओवर से काफी खराब रही और टीम अंत तक इससे नहीं उबर सकी। पहले ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर ट्रम्पेलमैन ने ओमान को लगातार दो झटके दिए।
ओमान के लिए खालिद कैल ने 34 रन और जीशान मकसूद ने 22 रन बनाए। इन्हीं दोनों खिलाड़ियों के दम पर टीम 100 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। ओमान टीम के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।
नामीबिया के लिए रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 21 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि विसे ने 28 रन देकर 3 विकेट झटके। इनके अलावा कप्तान जेराड इरास्मस ने 2 विकेट और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज को एक विकेट मिला।
रूबेन ट्रम्पेलमैन ने ओमान की पारी के पहले ही ओवर में पहली दो बॉल पर लगातार दो विकेट लिए।
नामीबिया की पारी: फ्राइलिनक अर्धशतक से चूके, मेहरान ने 3 विकेट लिए
110 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि नामीबिया पूरे मैच में ओमान पर हावी रही। टीम को पहला झटका पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर लगा। माइकल वान लिंगेन को बिलाल खान ने बोल्ड कर दिया।
इसके बाद निको डेविन और जान फ्राइलिनक ने दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। टीम के लिए सबसे ज्यादा 45 रन फ्राइलिनक ने बनाए। डेविन ने 24 रन की पारी खेली। ओमान की तरफ से मेहरान खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। आकिब इलियास, बिलाल खान और अयान खान को 1-1 विकेट मिला।
टर्निंग पॉइंट : मैच का टर्निंग पॉइंट आखिरी ओवर रहा। मैच में लगातार हावी रही नामीबिया को ओमान के मेहरान खान ने बैकफुट पर धकेल दिया। नामीबिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 5 रन चाहिए थे मेहरान ने सिर्फ 4 रन दिए।
फाइटर ऑफ द मैच : मेहरान खान ने ओमान की ओर से शानदार बॉलिंग की। उन्होंने आखिरी ओवर में 5 रन डिफेंड किए और मुकाबले को सुपर ओवर तक ले गए। नामीबिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 5 रन की जरूरत थी। मेहरान ने इस ओवर में दो विकेट लिए और महज चार रन दिए। उन्होंने मैच में 3 ओवर करते हुए एक मेडन डाला और केवल 7 रन देते हुए 3 विकेट झटके।
प्लेइंग इलेवन
नामीबिया : जेराड इरास्मस (कप्तान), निको डेविन, माइकल वान लिंगेन, जान फ्राइलिनक, मालन क्रूगर, जेजे स्मिट, डेविड विसे, जेन ग्रीन, रूबेन ट्रम्पेलमैन, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज और तांगेनी लुंगामेनी।
ओमान : आकिब इलियास (कप्तान), कश्यप प्रजापति, नसीम खुशी (विकेटकीपर), जीशान मकसूद, खालिद कैल, अयान खान, मोहम्मद नदीम, मेहरान खान, शकील अहमद, कलीमुल्लाह और बिलाल खान।