शेयर बाजार आज यानी 10 जुलाई को ऑल टाइम हाई बनाकर गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 80,481 और निफ्टी ने 24,459 का ऑल टाइम हाई बनाया। हालांकि, दिनभर कारोबार करने के बाद सेंसेक्स 426 अंक की गिरावट के साथ 79,924 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं, निफ्टी में भी 108 अंक की गिरावट रही, ये 24,324 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट और 9 में तेजी देखने को मिली।
एमक्योर फार्मा का शेयर 31% और बंसल वायर का 37% ऊपर लिस्ट
एमक्योर फार्मा का शेयर BSE पर 31.45% प्रीमियम के साथ 1,325.05 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं, NSE पर ये 31.45% प्रीमियम के साथ 1,325.05 रुपये पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 1,008 रुपए का था। दिनभर कारोबार करने बाद BSE पर शेयर 2.91% की तेजी के साथ 1363.65 रुपए पर बंद हुआ।
वहीं, बंसल वायर का शेयर BSE पर 37.5% प्रीमियम के साथ 352.05 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं, NSE पर ये 39.1% प्रीमियम के साथ 356 रुपए पर लिस्ट हुआ है। इसका इश्यू प्राइस 256 रुपए का था। दिनभर कारोबार करने बाद BSE पर शेयर 0.57% की गिरावट के साथ 350.05 रुपए पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार रहा
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। जापान के निक्केई में 0.61% की बढ़त रही। वहीं हांगकांग के हैंगसेंग में 0.29% की गिरावट देखने को मिली। इसके साथ ही शंघाई कंपोजिट में 0.68% की गिरावट रही।
फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) ने मंगलवार (9 जुलाई) को ₹314.46 करोड़ के शेयर खरीदे। वहीं, इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) ने ₹1,416.46 करोड़ के शेयर खरीदे।
बुधवार को अमेरिकी बाजार में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 52.82 (0.13%) अंक गिरकर 39,291 पर बंद हुआ। वहीं NASDAQ 25.55 (0.14%) अंक बढ़कर 18,429 पर बंद हुआ।
कल बाजार ने बनाया ऑल टाइम हाई
इससे पहले कल, यानी 9 जुलाई को, बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 80,397 और निफ्टी ने 24,443 का हाई बनाया था। इसके बाद निफ्टी 112 अंक की तेजी के साथ 24,433 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं सेंसेक्स में 391 अंक की तेजी रही। ये 80,351 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में बढ़त देखने को मिली है।