राजभवन का अवलोकन शनिवार को 2 बजे से और रविवार को 11 बजे से

विशेष आकर्षण- संविधान आधारित प्रदर्शनी और ओपन थिएटर
आगंतुक उपहार गैलरी, ऐतिहासिक तोप और बैंक्वेट हॉल भी देख सकेंगे पर्यटक

इस संबंध में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री के.सी. गुप्ता ने बताया कि नागरिक 25 जनवरी से 27 जनवरी 2025 तक निर्धारित अवधि में राजभवन का अवलोकन कर सकेंगे। राजभवन 25 और 27 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। इसी प्रकार 26 जनवरी, 2025 गणतंत्र दिवस को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक राजभवन भ्रमण की अनुमति रहेगी। तीन दिनों की अवधि में राजभवन में प्रवेश और निकास गेट नंबर- 2 से ही होगा। आगंतुकों की वाहन पार्किंग मिंटो हॉल परिसर में की जा सकेगी।

संविधान सभा में प्रदेश के योगदान पर केन्द्रित होगी वीथिका

राजभवन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर संविधान में आर्ट एन्ड कैलीग्राफी पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। इस अवसर पर संविधान निर्माण सभा के प्रमुख व्यक्तित्व और संविधान सभा में मध्यप्रदेश की हस्तियों पर केन्द्रित वीथिका भी है। आगंतुक, संदीपनि सभागार स्थित उपहार गैलरी, आर्टिफिशियल वाइल्ड-लाइफ पर आधारित पंचतंत्र उद्यान, सुन्दर-सुसज्जित लॉन, विभिन्न प्रजातियों के मनमोहक फूल-पेड़-पौधों का अवलोकन कर सकेंगे। इसी प्रकार 1796 ई. की तोप और 1887 ई. में बने सुन्दर बैंक्वेट हॉल का वास्तुशिल्प भी ऐतिहासिक और विशेष दर्शनीय है।

आगंतुक 27 जनवरी को राजभवन भ्रमण के दौरान  लाल परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त विभागीय झांकियों का भी अवलोकन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *