झाबुआ जिले में जल प्रदाय के लिए अनास नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने की योजना का होगा परीक्षण ओंकारेश्वर, उज्जैन और झाबुआ में धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायेंगे कालका माता मंदिर से एम-2 होटल तक का होगा सड़क निर्माण भगोरिया में हुआ भव्य स्वागत, भगोरिया की मस्ती में झूमे मुख्यमंत्री भोपाल : रविवार, मार्च 9, 2025, 20:04 IST मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि झाबुआ जिले की सांस्कृतिक विविधता एवं महत्व को परिलक्षित करते भगोरिया हाट में सम्मिलित होकर बहुत आनंद आया है। फागुन का रंग चढ़ रहा है। भगोरिया में मदमस्त टोलियों ने एक नए उत्साह का संचार किया है, मन प्रफुल्लित हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम स्थल पर ढोल-मांदल लिये नृत्य करते हुए दलों के साथ भगोरिया की मस्ती में झूम उठे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भील महासम्मेलन का भारत माता, क्रांतिसूर्य टंट्या भील, राणा पुंजा एवं शबरी माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगोरिया में मस्ती में झूमते-नाचते टोलियों को देखकर पाँव अपने आप थिरकने लगते हैं। उन्होंने कहा कि झाबुआ में हजारों वर्षों से फागुन के माह में ढोल-मांदल की थाप पर भगोरिया उत्सव मनाया जाता रहा है, जो कि इसकी पहचान बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आप अपने पूर्वजों का अभिनंदन करें और संस्कृति और विरासत को बनाये रखें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार तत्परता से कार्य कर रही है। अब रोजगार के लिये युवाओं को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार प्रत्येक क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिये प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिये मेडिकल कॉलेज सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स की नि:शुल्क कोचिंग शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज खोलने की नीति में बदलाव किया गया है। इसमें सबसे पहले जनजातीय बहुल अंचल में मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोलर पम्प योजना के तहत नि:शुल्क बिजली देकर हर खेत तक पानी पहुंचायेंगे। उद्योगों की स्थापना के लिये अनुदान नीति बनायी गयी है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिये नि:शुल्क एयर एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था की गयी है और दूध उत्पादकों को दूध उत्पादन पर 5 प्रतिशत बोनस तथा गाय खरीदने पर अनुदान दिया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले में जल प्रदाय के लिये अनास नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने की योजना के परीक्षण के निर्देश दिये। उन्होंने ओंकारेश्वर, उज्जैन और झाबुआ में धर्मशाला निर्माण के लिये भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसी तरह झाबुआ में कालका मंदिर से एम-2 होटल तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ कलेक्टर को निर्देश दिये कि कच्चे मकानों की सूची तैयार कर पीएम आवास योजना के तहत सर्वे करायें, जिससे सभी को पीएम आवास योजना में पक्के मकान उपलब्ध कराये जा सकें। दिलीप गेट पर स्थित पूर्व सांसद स्व. भूरिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ में दिलीप गेट पर पूर्व सांसद स्व. दिलीप सिंह भूरिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने जनजातीय अंचल के विकास में उनके योगदान को याद किया। दिलीप क्लब पर भव्य स्वागत मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दिलीप क्लब में भगोरिया पर्व पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जनजातीय अंचल की झुलड़ी एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। साथ ही जनजातीय अस्मिता के प्रतीक तीर-कमान भेंट कर अभिनन्दन किया। भगोरिया गैर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भगोरिया गैर में शामिल हुए। इसमें 250 से अधिक ढोल-माँदल की टोलियॉं शामिल हुईं। ये सभी सांस्कृतिक नृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। भगोरिया गैर का आनन्द देखते ही बनता था। जनजातीय समाज के लोग हर ओर मस्ती में झूमते, नृत्य करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनन्दन कर रहे थे। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का झाबुआ जिले में स्वागत है। उन्होंने बताया कि अंचल में उनके पिताजी एवं पूर्व सांसद स्व. भूरिया के प्रयासों से पेसा एक्ट को अधिनियमित किया गया, जिससे जनजातीय क्षेत्र में ग्राम सभाएँ सशक्त हुई हैं। आज अंचल में विभिन्न कार्यों से विकास की गंगा बह रही है। पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर ने कहा कि भील सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति से अंचल की सांस्कृतिक विरासत भगोरिया का आनंद और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने भील समाज के उत्थान के लिए किये गये प्रयासों से अवगत कराया। कार्यक्रम में श्री कलसिंह भाबर, राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री श्री कनकमल कटारा और जनजातीय समाज के बंधु उपस्थित रहे।

प्रदेश में नर्मदा के संपूर्ण तट पर धार्मिक आयोजनों के लिए किया जाएगा घाट निर्माण
ओंकारेश्वर में आयोजित “अमृतस्य माँ नर्मदा पद परिक्रमा” कार्यक्रम में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने ओंकारेश्वर में माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की
मुख्यमंत्री ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के दर्शन कर किया जलाभिषेक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को ओंकारेश्वर में ब्रह्मपुरी घाट पर आयोजित अमृतस्य मां नर्मदा पद परिक्रमा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ब्रह्मपुरी घाट पर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ओंकारेश्वर में भव्य ज्योतिर्लिंग मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मार्च माह के बाद चिंहित तीर्थ स्थलों पर शराब की दुकानों को बंद किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन के लिए जल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जैसे जल संरचना नदी-तालाब के दर्शन मात्र से ही मन प्रसन्न हो जाता है। मानव शरीर में जिस प्रकार धमनियों में रक्त का प्रवाह होता है उसी प्रकार धरती पर नदियाँ बहती हैं इसलिए उन्हें पवित्र रखना ज़रूरी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माँ नर्मदा के संपूर्ण परिक्रमा पथ को पवित्रता के साथ उसके मूल स्वरूप में स्थापित करने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश में जहां भी नर्मदा तट हैं वहाँ आयोजनों के लिए घाट निर्माण किया जाएगा एवं यात्रियों की सुविधा के लिए साईनऐप लगायें जाएँगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है, जिसमें माँ नर्मदा का स्थान सभी नदियों में सबसे अलग है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वच्छता के माध्यम से विकास के कार्य को भी नए मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केमिकल युक्त खेती करने से फसल का उत्पादन तो होता है, लेकिन जीवन में अनेक बीमारियां भी होती है, इससे बचने के लिए एक अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्राकृतिक व जैविक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गौ-माता का पालन करना होगा, जिससे दूध के उत्पादन के साथ किसानों की आय भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय त्यौहार भी शासकीय तौर पर मनाये जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। उन्होंने ओंकारेश्वर महादेव से प्रदेश की समृद्धि, विकास और कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पैदल पुल से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री राव देवेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य ट्रस्टी ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति प्रतीक चिन्ह स्वरूप भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्याओं एवं बटुकों को फल की टोकरी भेंट की। साथ ही उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

कार्यक्रम में श्रद्धेय गुरुदेव विवेक जी, श्री जोड़ गणपति हनुमान मंदिर ओंकारेश्वर के महंत मंगलदास जी त्यागी, महानिर्वाणी अखाड़ा ओंकारेश्वर के महंत श्री कैलाश भारती, मार्कण्डेय संन्यास आश्रम ओंकारेश्वर के महंत श्री प्रणवानंद जी सरस्वती एवं निजानंद धाम खाचरोद के पूज्य श्री ब्रह्मचारी जी महाराज, खण्डवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, मान्धाता विधायक श्री नारायण पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *