मध्यप्रदेश में खेती को लाभ का धंधा बनाने की मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की योजना फलीभूत होती दिख रही है। प्रदेश में उद्यानिकी विकास के हरसंभव उपाय हो रहे हैं। इसी कड़ी में भोपाल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग
पर संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए हार्टिकल्चर कॉरिडोर (उद्यानिकी गलियारा) विकसित किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग में देवास, शाजापुर और उज्जैन भी शामिल है, वहाँ हार्टिकल्चर कॉरिडोर का विकास किया जा रहा है। हार्टिकल्चर कॉरिडोर की योजना में हितग्राहियों को 4000 वर्ग मीटर तक नेचुरली वेंटीलेटेड पाली हाऊस, इन्सेक्ट प्रूफ शेडनेट हाऊस के निर्माण, पॉली हाऊस में पुष्प और शेडनेट हाऊस में सब्जी पौध रोपण तथा विंड ब्रेकर्स (बाँस) पौध रोपण पर निर्धारित लागत का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। यह परियोजना क्लस्टर में क्रियान्वित हो रही है। स्ट्रक्चर के इंश्योरेंस का प्रावधान भी किया गया है। प्रथम वर्ष के इंश्योरेंस के लिए हितग्राहियों को 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान रखा गया है। उच्च गुणवत्तायुक्त स्ट्रक्चर का निर्माण जैन इरीगेशन सिस्टम लिमिटेड जलगाँव द्वारा किया जा रहा है।