मुख्यमंत्री निवास में आज श्रद्धाभाव से प्रकाश पर्व मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में हरमंदिर साहब दर्शन के लिये मध्यप्रदेश से विशेष ट्रेन भेजी जायेगी।
गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों के बलिदान पर बनी फिल्म ‘चार साहबजादे’ मध्यप्रदेश में कर मुक्त रहेगी। सिक्ख संगत को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गुरुनानक की शिक्षाएँ अदभुत हैं। उन्होंने वास्तविक धर्म की पहचान करवायी जिसमें किसी तरह का आडम्बर और भेदभाव नहीं है। समानता और एकता का संदेश है। श्री चौहान ने कहा कि वे स्वयं भी गुरुनानक के सिक्ख हैं। उनकी शिक्षाओं का प्रदेश सरकार द्वारा अनुसरण किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएँ बनाई गयी हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक ने मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य करने और जरुरतमंद की मदद की सीख दी। देश की सीमाओं की रक्षा की बात हो, उद्योग धंधों की अथवा दुर्घटना के समय जरुरतमंदों की मदद की या उनके शिष्य सबसे आगे रहते हैं। श्री चौहान ने कहा कि जहाँ स्वच्छता होती है वहाँ ईश्वर का वास होता है। आनंद की प्राप्ति होती है। उन्होंने सिक्ख संगत का आव्हान किया कि वे प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।