मध्यप्रदेश में जेनरिक बल्क मेडीसिन पार्क की स्थापना होगी

मध्यप्रदेश के विकास की योजनाओं के संबंध में आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने दिल्ली प्रवास दौरान प्रधानमंत्री सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।

रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री अनंत कुमार और पेट्रोलियम तथा गैस मंत्री श्री धमेन्द्र प्रधान से मुलाकात कर उन्होंने जबलपुर के समीप सूरत- पारादीप गैस पाइप लाइन से गैस आधारित उर्वरक संयंत्र की स्थापना के प्रस्ताव को गति देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बीना रिफाइनरी की क्षमता 6000 एमएमटीपीए से बढ़ाकर 8000 एमएमटीपीए करने के काम को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश में जेनरिक बल्क मेडीसिन पार्क की स्थापना के लिये 1000 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाने का मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया। ज्ञातव्य हो कि केन्द्र पोषित इस महत्वाकांक्षी योजना की अधोसंरचना निर्माण पर 1000 करोड़ रूपये की धनराशि व्यय होगी। इस पार्क के निर्माण से विदेशों से आयात होने वाली दवाओं का निर्माण भारत वर्ष में ही किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थापित होने वाले प्लास्टिक पार्क और भोपाल में स्थापित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के फार्मेसी शिक्षण एवं शोध संस्थान (नाइपर) की स्थापना का काम शीघ्र करवाने का आग्रह किया। बैठक में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में हुए करारनामों वाले सभी कार्यों को अमलीजामा पहनाने का संकल्प दोहराया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मध्यप्रदेश की उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया भी विशेष रूप से शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *