राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने आज राजभवन में नेतृत्व विकास शिविर में भाग ले रहे अनुसूचित जाति-जनजाति के प्रतिभाशाली और अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने प्रदेश में राज्य स्तरीय शिविर का आयोजन अच्छी पहल है।
विद्यार्थियों को सशक्त और सामथ्यवान बनाना ही हमारा उद्देश्य है। राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे महात्मा गाँधी और अन्य महापुरूषों के आदर्शों पर चलते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढ़ें। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री यादव से नेतृत्व विकास शिविर में भाग ले रहे लगभग 351 और सात अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं ने भेंट की। राज्यपाल श्री यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि महात्मा गाँधी का स्वच्छ भारत का सपना साकार करने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जो स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया है उसे सफल बनाने में वे सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में चरित्र और नैतिक मूल्यों की कमी चिंता का विषय है, शिक्षकों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।