मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश और दक्षिण अफ्रीका का गाउटेंग प्रदेश औद्योगिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। दोनों प्रदेश के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएँ हैं।
श्री चौहान आज यहाँ साउथ अफ्रीका के द प्रीमियर ऑफ गाउटेंग के मुख्यमंत्री श्री एम. डाविड मखुरा के साथ आये प्रतिनिधि-मंडल के साथ हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। श्री मखुरा ने कहा कि दोनों प्रदेश को पारस्परिक संबंधों का लाभ होगा। इस अवसर पर पारस्परिक सहयोग के लिये एम.ओ.यू. किया गया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाला प्रदेश है। प्रदेश की विकास दर और कृषि विकास दर देश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंध है। महात्मा गाँधी ने भारत को दक्षिण अफ्रीका से जोड़ा था। व्यापारिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिये दोनों राज्य मिलकर रोडमेप तैयार करेंगे।
द प्रीमियर ऑफ गाउटेंग के मुख्यमंत्री श्री मखुरा ने कहा कि मध्यप्रदेश की तरह उनका प्रदेश भी दक्षिण अफ्रीका के मध्य में है। साउथ अफ्रीका की जीडीपी में 36 प्रतिशत, औद्योगिक उत्पादन में 42 प्रतिशत, कृषि उत्पादन में 10 प्रतिशत तथा निर्यात में 62 प्रतिशत योगदान उनके प्रदेश का है। समान परिस्थितियों के आधार पर मध्यप्रदेश को वे अपने काफी करीब पाते हैं। प्रदेश में उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में निवेश के बेहतर अवसर है। हम विनिर्माण के क्षेत्र में सुधार और विस्तार के प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की उपलब्धियों से वे काफी प्रभावित हैं।