गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने अयोध्यानगर चौराहे की सड़कों के किनारे सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण को तुरन्त हटाकर बस स्टाप, हॉकर कार्नर आदि बनाने सहित व्यवस्थित विकास की योजना बनायें। श्री गौर आज अयोध्या नगर क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे।
श्री गौर ने अयोध्या नगर एम-सेक्टर में सीवरलाइन चोक होने से फैली गंदगी को तुरंत साफ करने और नाली निर्माण के लिए कहा। उन्होंने सेक्टर में पार्क के स्थान पर फैली गंदगी साफ कर मैदान को पार्क के रूप में विकसित करने को कहा।
श्री गौर ने के सेक्टर के एक हिस्से में जन-सहयोग से बनाये पार्क से पार्षदों और नागरिकों को प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने पार्क की फेन्सिंग करने और नल कनेक्शन देने को भी कहा। श्री गौर ने इसके लिये विधायक निधि से 25 हजार की स्वीकृति भी दी। श्री गौर ने अयोध्यानगर सब्जी मण्डी को भी व्यवस्थित ढंग से शुरू करने के लिए कहा।