राज्य शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अमल के लिए विभागीय इकाई मेप_आईटी को नोडल एजेंसी के रूप में निर्धारित किया है। मेप_आईटी द्वारा चरणबद्ध तरीके से सभी संभव नागरिक सेवाओं का मोबाइल के जरिए प्रदाय सुनिश्चित किया जाएगा।
एमपी मोबाइल एक एकीकृत प्लेटफार्म के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें नीचे दर्शाए अनुसार तकनीकी विशेषताओं एवं माध्यमों के जरिए नागरिकों को सेवाएँ प्रदाय की जा सकेगी-
-
एक मोबाइल एप – नागरिकों को केवल एक मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा जिसके माध्यम से वे विभिन्न विभाग द्वारा उपलब्ध की जाने वाली सेवाएँ दी जा सकेंगे।
-
एक वेबसाइट www.mpmobile.gov.in – प्रदेश के नागरिक वांछित सेवाएँ अपने मोबाइल पर एक वेब एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकेंगे।
-
एक शॉर्ट कोड – ऐसे नागरिक जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है, वे बेसिक फोन से भी एक कोड डायल कर यू.एस.एस.डी. की सुविधा द्वारा सेवाएँ प्राप्त कर सकेंगे।
इस तरह इन तीन में से किसी भी एक विकल्प का उपयोग कर नागरिक एमपी मोबाइल पर उपलब्ध सेवाएँ प्राप्त कर सकेंगे।
वर्तमान में विभिन्न विभाग अपने हितग्राहियों को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सेवाएँ प्रदाय कर रहे हैं। इसके लिए उनके द्वारा आवश्यक संसाधन विकसित कर वेब एप्लीकेशन तैयार किए गए हैं। कुछ विभागों द्वारा मोबाइल एप्लीकेशन भी तैयार कर सेवाएँ दी जा रही हैं जिन्हें प्राप्त करने के लिए नागरिकों को अलग-अलग मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करना होता है। अब एमपी मोबाइल परियोजना से सभी सेवाएँ नागरिकों को एक प्लेटफार्म पर मिल सकेंगी।
जो विभाग एवं संस्थान एम.पी. मोबाइल परियोजना से जुड़ चुके हैं, उनमें मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, विद्युत वितरण कम्पनी, एम्स हॉस्पिटल, मेप-आई.टी. सहित प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालय आदि शामिल हैं। इस संबंध में और अधिक जानकारी के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेप_आईटी की मेल आईडी ceo@mapit.gov.in या ई-मेल vinay.panday@mapit.gov.in या मोबाइल नंबर 9425180624 पर संपर्क किया जा सकता है।