मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उद्योग आज के मंदिर है। बढ़ती हुई जनसंख्या और सीमित कृषि भूमि के चलते सभी को कृषि में रोजगार संभव नहीं है। उद्योग इस दिशा में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं
को सम्मानजनक रोजगार मुहैया करवाना मेरा लक्ष्य है। श्री चौहान आज सीहोर जिले के बुदनी में ट्राइडेंट इंडस्ट्री परिसर में 1000 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के कार्यक्रम में बोल रहे थे। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत के औद्योगिक परिदृश्य को शीघ्र ही नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहाँ विश्व की सबसे बड़ी स्पिनिंग मिल स्थापित की जायेगी। जब भी टेक्सटाइल की चर्चा होगी तो बुदनी का नाम सबसे पहले लिया जायेगा।
ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमेन श्री राजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि बुदनी में स्पिनिंग मिल प्रारंभ हो जाने पर 12 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष तथा 2500 से अधिक युवाओं को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। श्री गुप्ता ने बतायाकि 10 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष प्रशिक्षण पर खर्च किये जायेंगे।