सर्वधर्म समभाव की शाश्वत परंपरा निभाने के लिये पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राजधानी में फिर एक मिसाल पेश की। श्री चौहान आज दोपहर में जब पुराने शहर में मुस्लिम धर्म गुरुओं से ईद मिलकर
निवास वापस आ रहे थे तब मोती मस्जिद के पास से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा जा रही थी। श्री चौहान ने अपना काफिला रुकवाया और जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान रिमझिम बारिश के बीच आज पुराने भोपाल शहर में मुस्लिम धर्म गुरुओं से ईद मिलने पहुँचे। धर्म गुरूओं ने नेक-दिली और अमन के साथ लोगों की भलाई के लिये काम करने की तारीफ करते हुए श्री चौहान को दुआएँ दी। श्री चौहान ने मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की मुबारकबाद दी। धर्मगुरूओं के परिजन ने अपनी खुशियाँ जाहिर करते हुए जब श्री चौहान को सूखे मेवे और सेवैयाँ परोसी तो, वे न नहीं कर पाये। श्री चौहान सबसे पहले शहर क़ाज़ी मुश्ताक अली नदवी साहब के यहाँ पहुँचे और ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद वे सैफिया कालेज क्षेत्र में बोहरा समाज के धर्मगुरू आमिल साहब और शहर के सबसे बुजर्ग पीर सईद मियाँ के यहाँ पहुँचे। बोहरा समाज की ओर से श्री चौहान का शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद श्री चौहान ईद मिलने मुफ्ती अब्दुल रजाक साहब के निवास पहुँचे।
आज सुबह ही हल्की बारिश के बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ईदगाह हिल स्थित ईदगाह पहुँचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने नमाजियों पर गुलाब की पँखुड़ियों की वर्षा की। बच्चों को ईद की बधाई दी। इस मौके पर उपस्थित महापौर भोपाल श्री आलोक शर्मा और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की बधाई दी।