गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ होगा

मध्यप्रदेश के सभी बी.पी.एल. उपभोक्ताओं का बकाया बिजली बिल माफ किया जायेगा। साथ ही किसानों को गेहूँ के समान धान में भी 150 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि दी जायेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दतिया जिले में अटल ज्योति अभियान के शुभारंभ अवसर पर की।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गाँवों को चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध करवाने के महत्वाकांक्षी अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 30 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता एवं चेक वितरित किये। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, क्षेत्रीय सांसद श्री अशोक अर्गल, विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार एवं श्री राधेलाल बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विशुन सिंह यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुशवाह आदि उपस्थित थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिस तरह किसानों के बकाया बिजली बिल का शत-प्रतिशत सरचार्ज तथा मूल बिल की आधी राशि माफ कर दी गई है। गरीबों का बकाया बिजली बिल भी पूरा माफ कर दिया जायेगा। साथ ही किसानों को अब हर महीने बिजली बिल देने की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए 1200 रूपये प्रति हार्स-पॉवर प्रति वर्ष की दर निर्धारित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *