मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जितना महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री होता है, उतना ही महत्वपूर्ण छोटे से छोटे कार्यकर्ता और कर्मचारी भी हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपना काम ईमानदारी से करें, उसका सम्मान मुख्यमंत्री से कम नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज रतलाम में पंचायत स्तरीय कर्मचारी महासंघ के पंचायत राज सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
श्री चौहान ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जायेगी। बजट के अनुरूप सुविधाएँ बढ़ाई जायेंगी। हम सबका एक ही लक्ष्य ही होना चाहिए कि हम मध्यप्रदेश को देश ही नहीं दुनिया में आदर्श राज्य के रूप में स्थापित करें। उन्होनें पंचायत कर्मचारियों को प्रदेश के विकास में कोई भी कसर नहीं छोड़ने का संकल्प दिलवाया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर के मार्गदर्शन में जनपद एवं पंचायत स्तरीय टीम द्वारा साधिकार अभियान में एक-एक योजना के लिये एक-एक व्यक्ति को चिन्हित करने के अभियान के सफल संचालन पर बधाई दी। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के मंत्री श्री गोपाल भार्गव और सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान भी उपस्थित थे।
श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिये राज्य शासन के पास राशि की कोई कमी नही है। उद्देश्य है कि इस वर्ष प्रदेश के सभी गाँव में शत-प्रतिशत आंतरिक सड़कों का निर्माण पूर्ण हो। स्मार्ट विलेज की कल्पना को साकार करने का दारोमदार पंचायत स्तरीय कर्मचारियों पर है। श्री भार्गव ने जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत का भवन, ई-कक्ष, स्कूलों में किचन-शेड और आँगनवाड़ी भवन के निर्माण की बात भी कही।