सचिवालय की कार्य-प्रणाली अन्य कार्यालयों के लिये आदर्श बने

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान  से आज यहाँ मंत्रालय में अनुभाग अधिकारियों के प्रतिनिधि-मंडल ने भेंट कर  वेतन पुनरीक्षण के संबंध  में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं को हल करने के हर संभव प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि सचिवालय की कार्य-प्रणाली अन्य कार्यालयों के लिये आदर्श होना चाहिये। उन्होंने कहा कि विगत एक दशक में परिवार के मुखिया की तरह शासन चलाने की शैली विकसित की है। उन्होंने कर्मचारियों को मध्यप्रदेश टीम का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि लोक-कल्याण के बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिये सभी उत्साह से जुटे हैं। श्री चौहान ने कहा कि विगत दस साल में मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इसका श्रेय कर्मचारियों को भी जाता है।

मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री सुधीर नायक ने अनुभाग अधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को हाल ही में सम्पन्न नगरीय निकायों के चुनाव में मिली सफलता और विश्व हिन्दी सम्मेलन के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने अयोध्या बाईपास के पास सचिवालयीन कर्मचारियों की कॉलोनी के लिये जमीन आरक्षित करने के लिये सचिवालयीन कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद  दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान मध्यप्रदेश के सर्वाधिक लंबी अवधि तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में इतिहास बना रहे हैं। इस उपलब्धि के लिये प्रदेश के कर्मचारियों की ओर से उनका अभिनंदन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *