प्रदेश में आगामी अक्टूबर-नवम्बर माह में जनता और सरकार के बीच संवाद के विभिन्न आयोजन होंगे। इस दौरान विकास के एक दशक की जानकारी आमजन को देने के कार्यक्रम ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक होंगे। पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की पहल होगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आयोजनों के माध्यम से आमजन और सरकार के मध्य सीधा संवाद कायम किया जायें। शासन के कल्याणकारी कार्यों को हर घर और ग्राम तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जायें। आमजन को उनके क्षेत्र में विगत दशक में हुए विकास से परिचित करवाया जाए। साथ ही आगामी 10 वर्ष के विकास के सरकार के विजन डॉक्यूमेंट की जानकारी भी दी जायें। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों से लाभान्वित करने का कार्य अभियान स्तर पर किया जाये। पात्र हितग्राहियों के घर पहुँचकर सरकार उनको लाभान्वित करें। हर व्यक्ति को शासन द्वारा दी जाने वाली सहायता प्राप्त करने का अधिकार है। यह अधिकार प्रदेश के हर घर को मिले। इसके प्रभावी प्रयास होने चाहिये। उन्होंने कहा कि स्व-रोजगार योजना के हितग्राहियों का हर जिले में सम्मेलन किया जाये।
श्री चौहान ने कहा कि गरीब कल्याण वर्ष के दौरान गरीब परिवार केन्द्रित कार्य नीति के द्वारा आजीविका, अधोसंरचना, सामाजिक सुरक्षा और सबको आवास योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्त्योदय मेले निश्चित समय-सीमा में किये जाने चाहिए। मेलों का उपयोग हितग्राहियों को लाभान्वित करने और शासन की योजनाओं की जानकारी के मंच के रूप में भी हो।
बताया गया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी पर 25 सितम्बर 2015 से 25 सितम्बर 2016 तक गरीब कल्याण वर्ष मनाया जायेगा। सबको आवास योजना में ग्राम और नगरों में रहने वाले आवासहीन गरीब परिवारों को पक्का मकान, शौचालय सहित आवास उपलब्ध करवाये जाएंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव वित्त श्री अजयनाथ, ग्रामीण विकास श्रीमती अरूणा शर्मा, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्री एम. मोहन राव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस.के.मिश्रा, सचिव मुख्यमंत्री श्री विवेक अग्रवाल, आयुक्त जनसंपर्क श्री अनुपम राजन, आयुक्त संस्कृति श्री अजातशत्रु श्रीवास्तव, मिशन संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्री अजित कुमार भी उपस्थित थे।