एम.पी. कोड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी ( सूचना प्रौद्योगिकी) विभाग द्वारा एन.आई.सी. के सहयोग से विकसित किया गया एक समेकित पोर्टल है। जिस पर मध्यप्रदेश शासन के सभी विभागों द्वारा प्रशासित अधिनियमों, नियमों, विनियमों एवं महत्वपूर्ण अधिसूचनाओं को एक स्थान पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है। ई-शासन के वर्तमान युग में देश के विधिक क्षेत्रों में भी इलेक्ट्रानिक संव्यवहारों की प्रासंगिकता, उपयोगिता एवं महत्व दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में राज्य विधियों का यह पोर्टल एक अत्यन्त उपयोगी सुविधा है। इसके माध्यम से मध्यप्रदेश की सभी महत्वपूर्ण विधिक सामग्री अद्यतन रूप में उपलब्ध होगी।
उद्देश्य
‘एम.पी.कोड’ के निर्माण का उद्देश्य-राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को राज्य द्वारा निर्मित एवं मध्यप्रदेश में लागू समस्त विधिक प्रावधानों की यथासंभव अद्यतन जानकारी, हिन्दी एवं अँग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध हो, यह व्यवस्था करना है।
एम.पी.कोड पोर्टल का विवरण
एम.पी.कोड पोर्टल का URL www.code.mp.gov.in है। इस पर राज्य के अधिनियम, अधिनियम अथवा संविधान के अन्तर्गत निर्मित एवं मध्यप्रदेश राज्य में लागू नियम, राज्य के विभागों द्वारा निर्मित विनियम और मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी की गई महत्वपूर्ण अधिसूचनाएँ उपलब्ध करवाये जाने की योजना है। यह एक सतत प्रक्रिया है जिसमें समय-समय पर अधिनियम, नियम आदि में होने वाले संशोधन भी अपलोड किये जायेंगे।
पोर्टल पर उपयोगकर्ता मीनू पर जाकर संबंधित विधिक सामग्री देख सकेंगे। उदाहरणार्थ मीनू में अधिनियम लिंक पर क्लिक करने पर एम.पी.कोड में उपलब्ध अधिनियमों की सूची उपलब्ध होगी। अधिनियम के प्रशासनिक विभाग अथवा लागू होने का वर्ष देने पर यह सूची खोज को इन क्षेत्रों में केन्द्रित कर देगी और यूजर वांछित विधिक सामग्री (अधिनियम/नियम आदि) कर अवलोकन कर सकेंगे। यही प्रक्रिया नियम/विनियम आदि के लिये भी प्रयुक्त की जायेगी। राज्य के अधिनियम/नियम आदि का विभाग/वर्ष ज्ञान न होने पर भी यूजर ‘खोज’ के बटन पर क्लिक करेंगे और मुक्त खोज हेतु वांछित विधिक सामग्री का कोई बहुप्रचलित शब्द ‘की वर्ड’ मुक्त खोज कॉलम में टाईप कर सकेंगे। इस की-वर्ड को क्लिक करने पर उन सभी अधिनियमों/नियमों की सूची प्रदर्शित होगी जिनमें वह शब्द प्रयुक्त हुआ है, जहाँ यूजर इच्छित सामग्री देख सकेगा।
विशिष्ट क्षेत्रों में खोज के लिये उन्नत खोज का विकल्प उपयोग किया जा सकेगा। एम.पी.कोड पोर्टल के सुगम उपयोग हेतु यूजर मैन्यूअल पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। पोर्टल पर राज्य के अधिनियमों/नियमों/विनियमों/ अधिसूचनाओं आदि के अतिरिक्त ऐसे केन्द्रीय अधिनियम जो जनसाधारण की दिन-प्रतिदिन की समस्याओं के निराकरण अथवा जानकारी के लिये आवश्यक हो सकते हैं या फिर उनका संदर्भ किसी राज्य अधिनियम के मूल पाठ को समझने में अत्यधिक आवश्यक है, भी अपलोड किये जा रहे हैं। पोर्टल पर विधिक क्षेत्र के संबंधित वेब साईट्स के लिंक भी उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मीनू पर महाधिवक्ता, राज्य पोर्टल, विधि विभाग, विधान सभा, ई-डिस्ट्रिक्ट (लोक सेवा), विधिक सेवा प्राधिकरण राजपत्र एवं एम.पी. ऑनलाइन तथा मैप-आई.टी. के अत्यन्त उपयोगी जरूरी लिंक दिये गये हैं। यूजर इनमें से किसी भी वेबसाईट पर सीधे जा सकेगा।