मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि पर जनसंख्या के दबाव को कम करने के लिये नये प्रयोग करना होंगे। इसी मंशा से प्रदेश में बड़े निवेश के साथ ही छोटे-छोटे निवेश को बढ़ावा देने के प्रयास किये जा रहे हैं। श्री चौहान आज यहाँ महिला उद्यमियों द्वारा स्थापित आई.टी. सॉल्युशन फर्म एस.एफ.ए. टेक्नालॉजी के उदघाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक श्री विश्वास सारंग और पार्षद श्रीमती मंजुश्री भी मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और योग्यता की कोई कमी नहीं है। अवसर मिलने पर वे भी उद्यमी बन सकते हैं। मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को यह अवसर दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं नौकरी देने वाले बनें। इसी भावना को बढ़ावा देने के लिये वे महिला उद्यमियों के इस उपक्रम के उदघाटन कार्यक्रम में आये हैं। उन्हें विश्वास है कि यह उपक्रम दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति करेगा और अन्य युवाओं को स्व-रोजगार के लिये प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आज मार्क जकरबर्ग और अंबानी जैसे औद्योगिक साम्राज्यों की शुरूआत भी छोटे से निवेश से ही हुई थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दुर्गा अष्टमी की शुभकामनायें प्रेषित की।
विधायक श्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के सभी वर्गों के साथ खड़े होने का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। जहाँ एक ओर किसानों के दुख-दर्द में सरकार साथ खड़ी है, वहीं महिला उद्यमियों और युवाओं को आगे बढ़ाने में भी भरपूर मदद कर रही है।