सोमालिया के साथ मिलकर काम करने की अपार संभावनाएँ हैं

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ सोमालिया के राष्ट्रपति श्री हसन शेख मेहमूद से सौजन्य भेंट की। उन्होंने श्री मेहमूद का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि सोमालिया और भारत में बहुत समानताएँ हैं। इससे मध्यप्रदेश के साथ मिलकर काम करने की अपार संभावनाएँ हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री मेहमूद से मुलाकात के दौरान कहा कि मध्यप्रदेशवासी बहुत प्रसन्न और गौरवान्वित हैं कि भोपाल का छात्र सोमालिया के राष्ट्रपति पद पर आसीन है। उन्होंने कहा कि भारत और सोमालिया तथा अन्य अफ्रीकी देशों में काफी समानताएँ हैं। इसलिए इनके साथ मिलकर काम करने की बहुत संभावनाएँ हैं। ये देश अब तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। श्री चौहान ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सोमालिया श्री मेहमूद के नेतृत्व में तेजी से प्रगति कर समृद्ध राष्ट्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब श्री मेहमूद भोपाल में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे तब के भोपाल और मध्यप्रदेश में काफी बदलाव हुआ है। मध्यप्रदेश में पिछले दस वर्षों में तेजी से विकास हुआ है। इसकी विकास दर और कृषि वृद्धि दर में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। इसी तरह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत भी हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।

इस अवसर पर सोमालिया के राष्ट्रपति श्री हसन शेख मेहमूद ने कहा कि झीलों की नगरी भोपाल बहुत सुंदर शहर है। यहाँ से उनका गहरा रिश्ता है। उन्हें भी यहाँ आकर बहुत प्रसन्नता हुई। उन्होंने मध्यप्रदेश की प्रगति पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए श्री चौहान को बधाई दी और भविष्य में साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *