उज्जैन में 6 सेटेलाइट टाउन

उज्जैन में वर्ष 2016 में होने वाले सिंहस्थ के लिये 6 सेटेलाइट टाउन बनाये जा रहे हैं। इन टाउन में श्रद्धालुओं के लिये पानी, शौचालय और छाया की व्यवस्था रहेगी। सभी सेटेलाइट टाउन के लिये 393 हेक्टेयर भूमि आरक्षित की गयी है। सेटेलाइट टाउन इंजीनियरिंग कॉलेज सांवराखेड़ी, सोयाबीन प्लांट देवास रोड, पंवासा मक्सी रोड, उन्हेल रोड, आगर रोड तथा बड़नगर रोड पर बनाये जा रहे हैं। शाही स्नानों पर इन्हीं स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिये 134 स्थान पर सी.सी.टी.व्ही. केमरे लगाये जायेंगे। इसके साथ ही 51 अस्थायी थाने बनाये जायेंगे। मेला क्षेत्र में 25 हजार पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगायी जायेगी। सिंहस्थ के दौरान घाटों पर 2116 तैराक तैनात होंगे। उज्जैन नगर की लोक परिवहन व्यवस्था के लिये 1000 टाटा मेजिक तथा 400 मिनी बस के लिये 28 रूट तय किये गये हैं। नि:शक्तजन के लिये ई-रिक्शा महाकाल तथा राम-घाट तक चलेंगे। उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा क्षिप्रा के घाटों पर रंगाई-पुताई, सौंदर्यीकरण, चेंजिंग-रूम का निर्माण और मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। उज्जैन में 7.75 मिलियन गैलन (एमजीडी) के दो जल-शोधन संयंत्र स्थापित किये गये हैं। इनमें गऊ-घाट पर निर्मित यह प्लांट 6 करोड़ 17 लाख की लागत से तैयार हुआ है। इस संयंत्र से सिंहस्थ के दिनों में 6 मिलियन गैलन पानी शोधन किया जायेगा।

उज्जैन स्थित अखाड़ों के लिये व्यापक निर्माण कार्य हाथ में लिये गये हैं। यह निर्माण कार्य आगामी दिनों में अखाड़ों को नया स्वरूप प्रदान करेंगे। विभिन्न अखाड़े में उनकी जरूरतों के मुताबिक बैठक-कक्ष, भोजन-शाला, पहुँच-मार्ग निर्माण और विद्युतीकरण के कार्य प्रमुख हैं। मेन रोड से मुख्य अखाड़ा परिसर तक सी.सी. रोड बनाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *