उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के दौरान मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर समिति का पंडाल लगेगा। पंडाल में श्रद्धालुओं को कथा-वाचन का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पशुपतिनाथ मंदिर पर केन्द्रित डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखायी जायेगी। इसके साथ ही मंदिर के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्रद्धालुओं को सशुल्क 5 और 10 ग्राम के चाँदी के सिक्के भी दिये जायेंगे। उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर भी पहुँचते हैं। मंदिर की व्यवस्थाओं के संबंध में पिछले दिनों कलेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रबंध समिति की बैठक हुई। बैठक में विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया भी मौजूद थे।
मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में निर्माण कार्य चल रहे हैं। बैठक में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा चन्द्रपुरा में बनायी जा रही धर्मशाला का काम मार्च, 2016 तक पूरा कर लिया जायेगा। धर्मशाला साढ़े तीन करोड़ की लागत से तैयार की जा रही है। प्रतापगढ़ पुलिया से पशुपतिनाथ मंदिर तक लिंक ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। करीब 350 मीटर लम्बाई का लिंक ब्रिज 11 करोड़ 70 लाख में बनकर तैयार हुआ है। ब्रिज से प्रतापगढ़ (राजस्थान) की ओर से आने वाले ट्रेफिक को एक अतिरिक्त मार्ग की सुविधा मिल जायेगी। बैठक में तय हुआ कि पशुपतिनाथ मंदिर से जुड़े सभी कर्मचारी को यूनीफार्म उपलब्ध करवायी जायेगी।
बताया गया कि पशुपतिनाथ मंदिर में मार्बल क्लेडिंग का काम मार्च अंत तक पूरा कर लिया जायेगा। मंदिर की सज्जा में लगने वाली 100 किलो चाँदी दान-दाताओं से इकट्ठा की जायेगी। बैठक में ट्रस्ट की धर्मशाला और आश्रम की साज-सज्जा पर भी चर्चा की गयी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये नवलखा बीड रोड पर हवाई-पट्टी (एयर-स्ट्रिप) बनाये जाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। करीब 15 करोड़ की लागत से बन रही यह हवाई-पट्टी सिंहस्थ के पहले बन जायेगी।