राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने कहा है कि एन.सी.सी. और एन.एस.एस. युवा वर्ग में अनुशासन और एकता की भावना का विकास करता है। राज्यपाल आज राजभवन में गणतंत्र दिवस समारोह नई दिल्ली से भाग लेकर लौटे एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय, भोपाल के अपर महानिदेशक ब्रिगेडियर मनमोहन गुप्ता, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री अजय तिर्की, एनएसएस के राज्य अधिकारी श्री अशोक गुप्ता उपस्थित थे।
राज्यपाल श्री यादव ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राएँ इसी जोश से नयी- नयी उपलब्धियाँ अर्जित करेंगे और देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर श्री रंजीत घोष ने एनसीसी की गतिविधियों की जानकारी दी। एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक श्री डी.एन. गढ़वाल ने कहा कि एनएसएस समाज की माँग बन गया है और सचेतक के रूप में कार्य कर रहा है।
राज्यपाल श्री यादव को एनसीसी की ओर से श्री एम.एम. गुप्ता और एनएसएस की ओर से श्री आनंद कुमार सक्सेना ने स्मृति-चिन्ह भेंट किये! राज्यपाल ने भी एनसीसी और एनएसएस के पदाधिकारियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किये।
इस अवसर पर एनसीसी और एनएसएस के छात्र–छात्राओं ने सामूहिक गीत और नृत्य प्रस्तुत किये।