जन-सहयोग से स्मार्ट-सिटी परिकल्पना होगी साकार

स्मार्ट-सिटी के रूप में इंदौर का चयन होने पर आज इंदौर में स्मार्ट-सिटी परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वैंकेया नायडू उपस्थित थे। परियोजना में इंदौर नगर निगम को अगले 5 साल तक प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये की मदद मिलेगी।

लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि जन-सहभागिता से इंदौर स्मार्ट-सिटी परियोजना साकार होगी। उन्होंने कहा कि यहाँ के नागरिक सिर्फ आवरण से ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार, आदत और कुशलता से भी शहर को स्मार्ट बनायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के 3 बड़े शहर स्मार्ट-सिटी परियोजना में लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य शासन अपने संसाधनों से प्रदेश के मझले और छोटे शहरों को भी स्मार्ट-सिटी के रूप में विकसित करेगा। उन्होंने कहा कि इस पर 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जायेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर की कान्ह नदी को भी पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश कई क्षेत्र में देश में अव्वल है। बड़ी संख्या में निवेशक आकर्षित हो रहे हैं।

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वेंकय्या नायडू ने कहा कि स्मार्ट-सिटी परियोजना से शहरों की तस्वीर और तकदीर में सकारात्मक बदलाव आयेगा। भौतिक, संस्थागत, सामाजिक और आर्थिक ढाँचे में भी परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि अगले 5 साल में देश के 100 शहर को इस परियोजना में शामिल किया जायेगा। प्रथम चरण में 20 शहर का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के विकास के लिये जरूरी है कि नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया जाये। उन्होंने नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। श्री नायडू ने कहा कि जागरूक नागरिक ही स्मार्ट-सिटी की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। स्मार्ट-सिटी परियोजना बहु-वर्षीय है। इसके परिणामों के लिये हमें धैर्य रखना होगा।

समारोह में इंदौर शहर के प्रथम मास्टर प्लान के री-प्रिंट का विमोचन भी किया गया। मास्टर प्लान के संबंध में नेचर वालंटियर संस्था के श्री अभिलाष खाण्डेकर ने जानकारी दी। इस मौके पर लगायी गयी प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया और परियोजना के संबंध में हुई विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, भोपाल महापौर श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री रमेश मेंदोला, सुश्री ऊषा ठाकुर, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री मनोज पटेल, श्री राजेश सोनकर और स्मार्ट-सिटी मिशन के डायरेक्टर श्री विवेक अग्रवाल उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *