हनुवंतिया को विश्व-स्तर का पर्यटन केन्द्र बनाने में सहयोग का आव्हान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पर्यटन के क्षेत्र के सस्टेनेबल विकास हमारी प्राथमिकता है। इसमें पर्यावरण को ध्यान में रखकर काम किया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये हनुवंतिया में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में पर्यटन केबिनेट बनाने और पर्यटन नीति में संशोधन करने के निर्णय लिये गये हैं।

महोत्सव में हनुवंतिया में पर्यटकों की सुविधा के लिये हवाई पट्टी बनाने की घोषणा की गई।

श्री चौहान आज हनुवंतिया में प्रथम जल-महोत्सव का शुभारंभ कर रहे थे। इस मौके पर केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री एम. वैंकया नायडू, प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा, सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नंदकुमार सिंह चौहान और मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक उपस्थित थे।

श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। आज इन्दौर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की शुरूआत होने जा रही है। उन्होंने प्रदेश के 3 शहर का स्मार्ट सिटी परियोजना के लिये चयन किये जाने पर केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू का आभार जताया।

श्री नायडू ने कहा कि हनुवंतिया में प्राकृतिक सुंदरता और विपुल जल राशि को देखकर उन्हें आनन्द मिला है। उन्होंने अपेक्षा की कि अगली बार आने पर हनुवंतिया का नया स्वरूप उन्हें देखने को मिलेगा। यहाँ की सुन्दरता अकल्पनीय है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। श्री नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नवाचार, उनकी खोज और अन्वेषण का ही परिणाम है कि इतना सुन्दर पर्यटन-स्थल विकसित हो सका। उन्होंने प्रदेश की कृषि विकास दर में लगातार वृद्धि और निरंतर चार वर्ष से कृषि कर्मण अवार्ड के लिये प्रदेश का चयन होने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान को बधाई दी। उन्होंने श्री चौहान को ‘आल इन वन’ बताया और कहा कि श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

श्री नायडू ने हनुवंतिया टूरिस्ट परिसर का अवलोकन किया। इस मौके पर अटोई कन्वेंशन के अवार्ड विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म इंडियन स्टेट इन इनोवेशन इन क्रिएटिंग एडवेंचर डेस्टिनेशन के लिये हनुवंतिया को पुरस्कृत किया गया।

महोत्सव में युवाओं को एडवेन्चर टूरिज्म का प्रशिक्षण देने के लिये मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम एवं एडवेन्चर टूर आपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अटोई) के बीच एमओयू भी हस्ताक्षरित हुआ। अटोई के पदाधिकारी श्री अक्षय कुमार ने हनुवंतिया को देश का नया टूरिज्म डेस्टिनेशन बताया।

10 दिवसीय जल-महोत्सव के दौरान हनुवंतिया के पास बने टेंट नगर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगे ध्वज के साथ रोशनी भी की गई है। इसमें 120 स्विस कॉटेज भी बनाये गये हैं। आंतरिक वाहन व्यवस्था के लिये बैटरी चलित गोल्फ कार उपलब्ध है। सर्वसुविधायुक्त मार्गदर्शन कक्ष और सूचना केन्द्र बनाये गये हैं। महोत्सव के प्रारंभ में मंडला जिले से आये लोकनर्तकों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *