प्रदेश के सभी प्रायवेट आई.टी.आई. और पॉलीटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण होगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने यह निर्देश मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान दिये। श्री गुप्ता ने कहा कि बुधनी और नसरुल्लागंज की आई.टी.आई. में टेक्सटाइल और सिलाई के ट्रेड शुरू करवायें।
बैठक में 10वीं, 11वीं के विद्यार्थियों की रुचि जानने के लिये साइकोमेट्रिक टेस्ट करवाने तथा लकड़ी के खिलौने बनाने वालों को प्रोत्साहित करने के संबंध में भी चर्चा हुई। श्री गुप्ता ने पॉलीटेक्निक कॉलेज में विषयों का युक्ति-युक्तकरण करने के निर्देश दिये।
श्री गुप्ता ने सभी जिलों में ऑनलाइन परीक्षा करवाने के लिये सर्व-सुविधायुक्त हॉल बनवाने के संबंध में जरूरी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। हॉल में मेटल डिटेक्टर, बॉयोमेट्रिक मशीन, सी.सी.टी.व्ही. और लॉकर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि कॉलेजों में पद-स्थापना के प्रस्ताव वर्किंग रेशियो के आधार पर बनायें। उन्होंने कहा कि सभी नये कॉलेज में प्रोफेसर की नियुक्ति शीघ्र करें। श्री गुप्ता ने कहा कि सेक्शनवाइज लंबित फाइलों की सूची बनायें। उन्होंने कहा कि बेनजीर कॉलेज की स्नातक प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएँ अगले सत्र से कोलार में लगेंगी।
बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्री आशीष उपाध्याय, प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, अपर सचिव श्री डी.डी. अग्रवाल एवं श्री सुनील गुप्ता तथा संचालक तकनीकी शिक्षा श्री आशीष डोंगरे उपस्थित थे।