राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने कहा है कि चित्रकूट विश्वविद्यालय मध्यप्रदेश में ही नहीं अपितु समूचे राष्ट्र के लिए उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास में राष्ट्रीय माँग के अनुरूप महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है। कौशल शिक्षा विकास को केन्द्र बिन्दु में रखकर लचीली क्रेडिट व्यवस्था के जरिये छात्र-छात्राओं को आजीविका सृजन के विकास में विश्वविद्यालय ने बड़ी सफलता प्राप्त की है।
राज्यपाल श्री यादव आज महात्मा गांधी ग्रामोदय चित्रकूट विश्वविद्यालय, चित्रकूट, सतना के प्रबंध मण्डल की 50 वीं बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.एन.सी गौतम, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री अजय तिर्की, आयुक्त उच्च शिक्षा श्री उमाकांत उमराव, प्रबंध मंडल के सदस्य तथा राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यपाल श्री यादव ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद, बैंगलुरु द्वारा “ए”ग्रेड प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने ग्रामीणों के उत्थान के लिए ही प्रयास नहीं किये बल्कि देश में अपनी विशिष्ट पहचान भी स्थापित की है। प्रतिवर्ष लगभग 13 प्रतिशत की दर से बढ़ती हुई छात्रों की संख्या विश्वविद्यालय की प्रासंगिकता एवं सामाजिक स्वीकार्यता को दर्शाती है।