रोगों को दूर करने में योग महत्वपूर्ण

जनसंपर्क, ऊर्जा एवं खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रोगों को दूर करने में योग महत्वपूर्ण माध्यम है। निरोगी काया से जिम्मेदारी के निर्वहन एवं कार्य करने के अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि योग एक प्राचीन पद्धति है, जिसमें शरीर, मन और आत्मा को एक साथ लाने का काम होता है। श्री शुक्ल आज रीवा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री राजेन्द्र शुक्ल ने योग की विभिन्न क्रियाओं के साथ प्राणायाम भी किया।

श्री शुक्ल ने कहा कि योग शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है। मनुष्य के निरोग रहने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं वरन स्वयं के साथ विश्व तथा प्रकृति के एकत्व खोजने का भाव है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी ने वर्षों पहले कहा था कि हमारा देश आने वाले समय में विश्व गुरू बनकर नेतृत्व करेगा। उनकी यह बात आज अक्षरश: सत्य हो रही है जबकि विश्व के 173 देशों में भारत द्वारा प्रस्तावित योग प्रदर्शन को अपनाया गया। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मान्यता प्रदान की। भारत की योग विधा को विश्व ने स्वीकारा तथा दुनिया के लाखों लोगों ने इसमें अपनी भागीदारी निभाई। सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती ममता गुप्ता, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *