हरियाली महोत्सव 15 जुलाई से 15 अगस्त तक

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान हरियाली महोत्सव 2016 का आगाज 15 जुलाई को भोपाल के सुशासन भवन में अपने मंत्री-मण्डल के सहयोगियों के साथ पौध रोपण कर करेंगे। इस वर्ष महोत्सव में प्रदेश की जनसंख्या से अधिक लगभग 8 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अपर मुख्य सचिव वन श्री दीपक खाण्डेकर ने महोत्सव के आयोजन के संबंध में सभी कलेक्टर और वनमण्डल अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिये हैं।

जन-प्रतिनिधि और शासकीय अधिकारी भी लगायेंगे पौधे

महोत्सव में जिला, तहसील एवं जनपद स्तर पर पौध रोपण कार्यक्रम होंगे। इनमें प्रभारी मंत्री, मंत्री, विधायक, सांसद, गणमान्य नागरिक और शासकीय अधिकारी भाग लेंगे।

शिप्रा एवं नर्मदा के किनारे लगेंगे पौधे

शिप्रा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे गाँव में भी स्थानीय समुदाय के सहयोग से बड़ी मात्रा में पौधे लगाये जायेंगे। इसके अलावा वन विभाग निजी भूमि पर उद्यानिकी पौधे लगाने के लिये भी प्रोत्साहित करेगा। नदी किनारे पौध रोपण से भू-क्षरण रोकने में सहायता मिलेगी।

विभिन्न विभाग की होगी भागीदारी

पौध रोपण में वन विभाग के विभागीय रोपण के साथ-साथ राज्य बाँस मिशन, वन विकास निगम, रेशम विभाग, संयुक्त वन प्रबंधन समितियाँ, जन अभियान परिषद, नगरीय निकाय, त्रि-स्तरीय पंचायतें, मण्डी समितियाँ एवं अन्य शासकीय एजेंसियाँ भी भाग लेंगी।

स्कूल-कॉलेजों में बनेगी बॉयो-फेंसिंग

हरियाली महोत्सव के दौरान शासकीय भूमि, किसानों की निजी भूमि, शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय परिसरों, सड़कों एवं जल-संरचनाओं के समीप पौध-रोपण किया जायेगा। स्कूल-कॉलेजों में पौध-रोपण के माध्यम से बायो-फेंसिंग निर्माण का प्रयास किया जायेगा।

इन पौधों का होगा रोपण

रोपण किये जाने वाले पौधों में बाँस, सागोन, आँवला, खमेर, नीम, जामुन, सिरस, शीशम, बेल, महुआ आदि के साथ उद्यानिकी प्रजाति के पौधे होंगे।

एक करोड़ से अधिक पौधे तैयार

वन विभाग ने संयुक्त वन प्रबंधन और स्थानीय समितियों के माध्यम से एक करोड़ से अधिक पौधे तैयार किये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *