वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल के वयोवृद्ध सिंह एंथनी की आज 26 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गयी। एंथनी ने एक सिंह की औसत आयु 15 वर्ष से 11 वर्ष अधिक जीवन जिया। इसके पूर्व 11 जुलाई, 2016 में वन विहार के ही रेस्क्यू सेंटर में देश के सबसे वयोवृद्ध सिंह ‘रामू’ ने 28 वर्ष की उम्र में प्राण त्यागे थे।
वन विहार में वन्य-प्राणियों की खुराक, चिकित्सा, सेवा-सुश्रुषा और मौसम के अनुसार इनमें सामंजस्य का पूरा ख्याल रखा जाता है। यही कारण है कि वन विहार के रेस्क्यू सेंटर में घायल, रोगी और निर्बल अवस्था में लाये गये वन्य-प्राणी न केवल स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं, बल्कि लम्बी उम्र भी प्राप्त करते हैं।
सिंह एंथनी को 22 अक्टूबर, 2006 को 16 वर्ष की आयु में छत्तीसगढ़ (कोरबा) के राजमहल सर्कस से लाया गया था। प्राथमिक पोस्टमार्टम में सिंह की मृत्यु का कारण वृद्धावस्था की वजह से आंतरिक अंगों का काम न करना है।