मीटर सही होने पर एवरेज बिलिंग नहीं होगी

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं की बिलिंग संबंधी शिकायतों का निराकरण मैदानी स्तर पर तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मीटर खराब होने पर ही उपभोक्ताओं को औसत बिलिंग के आधार पर बिल जारी किए जाएं। मीटर सही होने पर एवरेज बिलिंग नहीं की जाए। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।

कंपनी को उपभोक्ताओं से सीधे तथा समाधान आनलाइन तथा सी.एम. हेल्पलाइन के माध्यम से एवरेज बिलिंग की शिकायतें प्राप्त होती हैं। एवरेज बिलिंग से उपभोक्ताओं को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए मैदानी स्तर पर शिकायत निवारण शिविर लगाने के निर्देश दिये गये हैं। मैदानी स्तर पर उपभोक्ताओं की एवरेज बिलिंग ऐसे परिसर पर की जाए, जहॉं मीटर खराब है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मीटर रहित कनेक्शनों में टेरिफ आदेश के प्रावधान के अनुसार बिलिंग की जाए। एवरेज बिलिंग की समस्या के निराकरण तथा उपभोक्ता द्वारा उपभोग की गई विद्युत की खपत के सही आकलन के लिए खराब या जले मीटर को एक कार्ययोजना बनाकर तत्काल बदलना सुनिश्चित किया जाए। जिन कनेक्शनों में मीटर नहीं है उन कनेक्शनों पर मीटर लगाने का काम तेजी से किया जाए।

मीटर सही होने पर भी उपभोक्ताओं को एवरेज बिल जाने की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। मैदानी अधिकारियों से कहा गया कि वे आकस्मिक निरीक्षण कर उपभोक्ता परिसरों की जाँच करें और यदि मीटर चालू होने के बाद भी औसत खपत के आधार पर बिल भेजे जा रहे हैं तो ऐसे अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *