मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पीड़ित मानवता की सेवा ही भगवान की सेवा है। पीड़ितों की सेवा के लिये राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग पीड़ित व्यक्तियों की पुनर्वास राशि एक हजार रूपये से बढ़ाकर पाँच हजार रूपये प्रति माह की जायेगी। साथ ही उनके बच्चों की शिक्षा और रोजगार में भी सहायता की जायेगी। श्री चौहान आज यहाँ महात्मा गॉधी कुष्ठ रोग आश्रम में कुष्ठ रोग पीड़ितों की सेवा के अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के अवसर पर कुष्ठ रोग आश्रम पहुँचकर कुष्ठ रोग पीड़ितों की सेवा की। साथ ही उन्हें उपहार भेंट किये और भोजन भी परोसा। इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि कुष्ठ रोग की बीमारी एक सामान्य बीमारी है जो नियमित इलाज से ठीक हो जाती है। कुष्ठ रोग पीड़ित जन अपने जीवन में उत्साह और आत्म विश्वास बनाये रखे। सभी पीड़ित व्यक्तियों के साथ राज्य सरकार खड़ी है।
इस मौके पर श्री चौहान ने कहा कि कुष्ठ आश्रम के प्रार्थना हॉल का जीर्णोद्धार तथा अन्य समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। वे कुष्ठ रोगियों से मिले और उनके हाल-चाल जाने। इस दौरान महापौर श्री आलोक शर्मा, क्षेत्रीय विधायक श्री रामेंश्वर शर्मा एवं अन्य जन प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।