शनिवार को खेले गए साल के पहले ग्रैंड स्लैम के फाइनल मुकाबले में सेरेना ने अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के खिताब पर कब्जा किया। सेरेना ने वीनस को लगातार सेट में 6-4, 6-4 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही सेरेना ने अपने करियर का 23वां ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल भी जीता। उन्होंने ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में जर्मनी की पूर्व टेनिस प्लेयर स्टेफी ग्राफ (22 टाइटल) को पीछे छोड़ दिया है।
सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लेम जीतने के मामले में अब भी वो दूसरे नंबर पर आ गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की मार्गारेट कोर्ट से अब भी वे एक टाइटल पीछे हैं, जिनके नाम पर सबसे ज्यादा (24) टाइटल जीतने का रिकॉर्ड है।
अपने करियर में सातवीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का टाइटल जीतने वाली सेरेना दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी भी बन गई हैं। इससे पहले, सेरेना ने सेमीफाइनल में मिरजाना लुसिच-बारोनी को सिर्फ 50 मिनट में 6-2, 6-1 से पराजित किया था, जबकि उनकी बड़ी बहन वीनस ने कोको वांदेवेघे को 6-7, 6-2, 6-3 से मात देकर फाइनल में जगह पक्की की थी।
2009 के बाद वीनस पहली बार किसी बड़ी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची हैं। दोनों बहनें आठ साल बाद फाइनल में आमने-सामने थी। ग्रैंड स्लैम फाइनल में सेरेना और वीनस के बीच ये नौवीं टक्कर थी। जिसमे सेरेना ने 7 बार जीत हासिल की है।