ऑस्ट्रेलियन ओपन के चौथे दौर में शिकस्त का सामना करने वाले विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे फ्रांस के खिलाफ अप्रैल में होने वाले डेविस कप क्वार्टर फाइनल में अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने उतरेंगे।
ब्रिटेन ने गत सप्ताह कनाडा के खिलाफ डेविस कप विश्व समूह के पहले दौर का मैच जीता था, लेकिन मरे इसमें टीम का हिस्सा नहीं थे।
ऑस्ट्रेलियन ओपन के चौथे दौर में जर्मनी के मिशा ज्वेरेव के हाथों पराजित हो गए ब्रिटिश खिलाड़ी मरे ने कहा- कनाडा के खिलाफ मैच काफी पेचीदा था, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद आराम की जरूरत थी। हालांकि वह अब अच्छा महसूस कर रहे हैं और फ्रांस के खिलाफ खेलने उतरेंगे।
उन्होंने कहा- मैं ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद काफी थक गया था। मेरे शरीर को निश्चित ही आराम की जरूरत थी, लेकिन मियामी के बाद फ्रांस में मैच के लिए मैं तैयार हूं। वर्ष 2015 डेविस कप मैच में ब्रिटेन की जीत में मरे की अहम भूमिका रही थी और उन्होंने अपने चार दौर में सभी 11 मैच जीते थे।
विश्व रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ी मरे की अनुपस्थिति में ब्रिटेन ने कनाडा को 3-2 से हराया था जबकि फ्रांस ने जापान को 4-1 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
इससे पहले 2015 में ग्रास कोर्ट पर ब्रिटेन ने फ्रांस को हराया था जबकि इस बार मैच फ्रांस में होगा और संभवतः इसे क्ले कोर्ट पर खेला जाएगा।