रविवार को हुए मर्सिडिज हिट एंड रन केस में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

देश की राजधानी नई दिल्ली में रविवार को हुए मर्सिडिज हिट एंड रन केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
बुधवार तड़के 3 बजे क्राइम ब्रांच ने पश्चिमी दिल्ली के मीरा बाग में रहने वाले कारोबारी सवनीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सवनीत को राजौरी गार्डन क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किया गया।
मौके से सिल्वर कलर की मर्सिडिज कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक क्षतिग्रस्त मर्सिडिज कार को देखते ही पूरा यकीन हो जाता है कि इसी गाड़ी से ही हादसा हुआ है। क्योंकि घटनास्थल पर कार के जो टूटे पुर्जें पाए गए थे वो जब्त की गई गाड़ी से मिलते हैं।
आपको बता दें कि रविवार देर रात एक भीषण दुर्घटना में मर्सिडिज कार ने सफेद रंग की एक्टिवा में सवार छात्र को कुचल दिया था।
हादसे में पश्चिमी विहार निवासी 17 वर्षीय 12वीं के छात्र अतुल अरोरा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) मधुर वर्मा के मुताबिक हादसे के दौरान आरोपी सवनीत के साथ उसका एक रिश्तेदार भी गाड़ी में मौजूद था।
हादसे के बाद से ही सवनीत अपनी कार के साथ पुलिस से छिप रहा था। कार न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाले किसी शख्स के नाम से रजिस्टर्ड है। अब पुलिस सवनीत और उस शख्स के बीच संबंधों का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस इस बात की जांच में जुटी हुई है कि हादसे के दौरान आरोपी चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था या नहीं। मेडिकल जांच में अब इस बात का पता लगाना मुश्किल है क्योंकि हादसे के 24 घंटे के बाद नशे के हालातों की पुष्टि हो पाना संभव नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *