विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की बहनों के खातों में 29 करोड़ रूपये से अधिक की राशि हस्तांतरित
विशेष पिछड़ी जनजाति के कल्याण में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिये किये जा रहे प्रयासों एवं नवाचारों के संदर्भ में मध्यप्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं संकल्पों की विस्तृत जानकारी दी है। गणतंत्र दिवस पर जनसंदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनजातीय गौरव दिवस के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जन-मन) प्रारंभ कर विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास की क्रांतिकारी शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य जिलों में 7 हजार 300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से आँगनवाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों, बहुउद्देशीय केंद्रों, सड़कों, पुलों और आवासों का निर्माण किया जायेगा। इससे प्रदेश के 23 जिलों की 4 हजार 597 बसाहटों में निवास करने वाले बैगा, भारिया एवं सहरिया जनजाति के 11 लाख से अधिक भाई-बहन लाभान्वित होंगे।