पाकिस्तान में नेशनल असेंबली और प्रांतीय चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद नतीजे आ रहे हैं। यहां किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं है। इमरान खान के समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार 99 सीटों के साथ सबसे आगे हैं। नवाज की पार्टी 71 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है।
इस बीच पाकिस्तान में खैबर पखतूनख्वा समेत कई प्रांतों में हिंसा फैल गई है। जेल में कैद इमरान की PTI और बिलावल की PPP ने कई सीटों पर धांधली के आरोप लगाए हैं।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 336 सीटें हैं। इनमें से 265 सीटों पर चुनाव हुए। एक सीट पर चुनाव टाल दिए गए हैं। बाकी 70 सीटें रिजर्व हैं। सरकार बनाने के लिए 134 सीटों पर बहुमत होना जरूरी है। पाकिस्तान में मुख्य रूप से 3 पार्टियों के बीच मुकाबला है। इनमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N), पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) शामिल हैं।
265 में से 250 सीटों पर नतीजों की घोषणा हुई…
8 फरवरी को 48% वोटिंग हुई थी
फ्री एंड फेयर इलेक्शन नेटवर्क (FAFEN) के मुताबिक, 8 फरवरी को हुए चुनाव में 48% वोटिंग हुई। इस चुनाव में PML-N और PPP का वोट बैंक बढ़ा है।
आर्मी चीफ बोले- राजनेताओं को जनादेश मिला, अब मिलकर मुल्क के लिए काम करने की जरूरत
चुनाव नतीजों के बीच पाकिस्तान के आर्मी चीफ का बयान सामने आया है। जनरल आसिम मुनीर ने कहा- देश को अराजकता की राजनीति से निकालने के लिए स्थिर हाथों की जरूरत है। मुल्क की 25 करोड़ जनता के लिए यही सही होगा। चुनाव हार या जीत की प्रतियोगिता नहीं है। यह जनादेश को पहचानने का जरिया है।
मुनीर ने कहा- राजनेताओं को अपने हितों से ऊपर उठकर अवाम की सेवा के लिए आगे आने की जरूरत है। इसी से लोकतंत्र की जीत होगी। कौम ने एक बार फिर से देश के संविधान पर भरोसा दिखाया है। अब राजनेताओं को भी पूरी समझदारी और एकता के साथ काम करना होगा।
PTI ने गठबंधन बनाने पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई
PTI ने अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन बनाने पर चर्चा के लिए एक बैठक बुलाई है। PTI के चेयरमैन गौहर खान, असद कैसर, अली मुहम्मद खान और अन्य लोग बैठक में भाग लेंगे। इसमें नई केंद्रीय और प्रांतीय सरकारों के गठन पर चर्चा होगी।
साथ मिलकर काम करने पर सहमत नवाज-बिलावल
PPP और PML-N ने साथ मिलकर सरकार चलाने पर सहमति जताई है। पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, PPP चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने शुक्रवार रात लाहौर में PNL-N चीफ शाहबाज शरीफ से मुलाकात की। दोनों पार्टी देश में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता लाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं।
PTI ने भास्कर से कहा- हम जीत रहे थे, सुबह हुई तो नतीजे पलट दिए
इमरान खान की पार्टी PTI ने भास्कर से कहा- हमारी पार्टी के उम्मीदवार 8 फरवरी की रात को जीत की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन, सुबह होने पर हमारे कई उम्मीदवारों को हारा हुआ घोषित कर दिया गया। दर्जनों सीटों पर ऐसा हुआ।
मतों की गिनती में बड़े पैमाने पर धांधली के बावजूद हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। हमें 150 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। चुनाव में धांधली के सभी पैंतरे आजमाने के बाद भी हमें दबाया नहीं जा सका है।
हम जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे और कोर्ट में लड़ेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया गया। सरकार ने झूठे मामले दर्ज कर जेलों में ठूंस दिया, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं के हौसलों को तोड़ा नहीं जा सका।
हमारी पार्टी के निर्दलीय उम्मीदवार किंग मेकर नहीं, किंग ही रहेंगे। हमारी पार्टी के लोग नवाज या जरदारी की पार्टी के साथ नहीं जाएंगे। हम संसद में सार्थक भूमिका निभाएंगे।
49 घंटे बाद भी काउंटिंग पूरी नहीं
पाकिस्तान में 8 फरवरी को वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने 18 घंटे की देरी के बाद आधिकारिक नतीजे घोषित करना शुरू किए थे। अब 49 घंटे बीत जाने के बाद भी सभी सीटों से नतीजे घोषित नहीं हुए हैं। 15 सीट के रिजल्ट आना बाकी हैं।
नवाज ने राजनीतिक दलों से गठबंधन की अपील की
पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने शुक्रवार को अन्य राजनीतिक दलों से पीएमएल-एन पार्टी के साथ हाथ मिलाकर गठबंधन सरकार बनाने की अपील की।
नवाज शरीफ (बीच में) ने 9 फरवरी को पाकिस्तान के लाहौर के मॉडल टाउन में बेटी मरियम नवाज शरीफ (बाएं) और PML-N अध्यक्ष शहबाज शरीफ के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अमेरिका बोला- हम अगली सरकार के साथ काम करने को तैयार
अमेरिका ने वोटिंग के दौरान लगाए गए पाबंदियों और हिंसा पर सवाल उठाए और वोट-धांधली के आरोपों को लेकर चिंता व्यक्त की। हालांकि, पाकिस्तान की अगली सरकार के साथ काम करने का वादा भी किया।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा- राष्ट्रपति जो बाइडेन व्यापार, निवेश और सुरक्षा सहयोग सहित हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान की अगली सरकार के साथ काम करने के लिए तैयार हैं, चाहे वो किसी भी पार्टी का हो।
39 साल पहले जब निर्दलीयों से भरी थी पाकिस्तान की संसद
पाकिस्तान के चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। सबसे ज्यादा निर्दलीय उम्मीवार चुनकर आए हैं। इनमें ज्यादातर को इमरान की पार्टी PTI का समर्थन है। हालांकि, पाकिस्तान के सियासी इतिहास में ये पहली बार नहीं हो रहा है जब संसद के लिए चुने गए निर्दलीयों की तादाद इतनी ज्यादा है।
पाकिस्तान के पत्रकार वुसातुल्लाह खान के मुताबिक करीब 39 साल पहले 1985 के चुनावों में भी ऐसा ही हुआ था। पाकिस्तान के जनरल जिया उल हक ने सभी पॉलिटिकल पार्टियों को बैन कर दिया था। सभी उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़े थे। हालांकि, पर्दे के पीछे उन्हें किसी न किसी पार्टी का समर्थन था। सभी जीते हुए उम्मीदवारों ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग नाम का ग्रुप के तले आकर सरकार बनाई थी।
जहांगीर तरीन की कैंडिडेट ने चुनाव हारने पर पुलिसवाले को थप्पड़ मारा
पाकिस्तान में इमरान की पार्टी से अलग हुए जहांगीर तरीक की पार्टी इश्तेखाम ए पाकिस्तान की कैंडिडेट डॉक्टर फिरदौस आशिक आवान ने चुनाव में हार के बाद एक पुलिसवाले को थप्पड़ मार दिया।
बिलावल भुट्टो और आसिफ अली जरदारी से मिल रहे शाहबाज शरीफ
नवाज शरीफ के कहने पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ पाकिस्तान में गठबंधन की सरकार बनाने के लिए PPP के बिलावल भुट्टो और उनके पिता आसिफ अली जरदारी से लाहौर में मुलाकात कर रहे हैं।
जेल से इमरान का मैसेज, कहा- लंदन प्लान फेल हुआ
पाकिस्तान में 265 सीटों में से 241 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इमरान के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवारों को 97 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इस बीच PTI ने इमरान का जेल से एक AI मैसेज जारी किया है।
इस मैसेज में खान ने कहा है कि नतीजों ने लंदन प्लान को फेल कर दिया है। धांधली होने से पहले हम 150 से ज्यादा सीटों पर जीत रहे थे। नवाज शरीफ एक कमजर्फ इंसान है।
पाकिस्तान के गुजरात में PTI और PML-N समर्थक भिड़े
तहरीक लब्बैक पार्टी नतीजों के खिलाफ पूरे पाकिस्तान में प्रदर्शन करेगी
पाकिस्तान की कट्टरपंथी पार्टी तहरीक ए लब्बैक ने नतीजों के खिलाफ मुल्क भर में प्रदर्शन की घोषणा की है। 2024 के चुनाव में पार्टी को अब तक एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हो पाई है। पार्टी चीफ खुद साद रिजवी इमरान समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार से हार गए।
आसिफ अली जरदारी और बिलावल लाहौर पहुंचे
पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और उनके बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी लाहौर पहुंच गए हैं। ये दोनों पीपीपी की लोकल लीडरशिप से चर्चा के बाद सरकार बनाने का फैसला करेंगे। ये इसलिए अहम अपडेट है, क्योंकि कुछ घंटे पहले नवाज ने समर्थकों को दिए भाषण में पीपीपी को भी साथ आकर सरकार में शामिल होने का ऑफर दिया था। शाहबाज को जरदारी से बातचीत के लिए भेजा जा रहा है।
कुछ जगह कमांडो तैनात किए जा सकते हैं
‘जियो लाइव’ के मुताबिक- फौज के अहम ठिकानों और इलेक्शन कमीशन के ऑफिस समेत कुछ जगहों पर मिलिट्री कमांडो तैनात किए जाने की तैयारी है। इसकी वजह 9 मई 2023 जैसे हिंसा के हालात रोकना है।
कैसर बोले- PML-N को रिजेक्ट कर दिया गया है
नेशनल असेंबली के पूर्व स्पीकर और इमरान के करीबी असद कैसर ने डॉन न्यूज से कहा- सच्चाई ये है कि नवाज शरीफ की पार्टी PML-N को लोगों ने रिजेक्ट कर दिया है। चुनाव में धांधली से कोई इनकार नहीं कर सकता। पीटीआई के खिलाफ सब थे, फिर भी हम चुनाव जीते हैं।
सरकार बनाने पर कल फैसला करेगी PTI
PTI नेता और इमरान के करीबी असद कैसर ने कहा है कि उनकी पार्टी केंद्र के अलावा पंजाब प्रांत और खैबर पख्तूनख्वा में सरकार बनाने पर विचार कर रही है और इस पर आखिरी फैसला शनिवार 10 फरवरी 2024 को किया जाएगा। कैसर ने ये भी कहा कि पार्टी के इंटरनल इलेक्शन के बारे में चर्चा की जा रही है। इमरान को को तमाम अपडेट्स देने की कोशिश भी जारी है।
शरीफ खानदान के नतीजे
नवाज शरीफ
नवाज शरीफ खैबर की मनसेहरा सीट से भी चुनाव लड़ रहे थे। वो वहां से हार गए ।
नवाज शरीफ खैबर की मनसेहरा सीट से भी चुनाव लड़ रहे थे। वो वहां से हार गए ।
मरियम नवाज
महबूबा मुफ्ती की बेटी बोलीं- इमरान से जीत छीन ली गई
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने पाकिस्तान के चुनाव पर रिएक्शन दिया। कहा- यह देखकर अफसोस हुआ कि इमरान खान और PTI से जीत छीन ली गई। चुनाव में धांधली हुई। जम्मू-कश्मीर के लोगों को यह 1987 में हुए चुनाव की याद दिलाता है, जब चुनाव में धांधली हुई थी।
सभी मुल्कों से रिश्ते बेहतर हों- नवाज
नवाज ने अपने भाषण में पड़ोसी मुल्कों के साथ रिश्ते बेहतर करने की बात कही। उन्होंने कहा- हम पाकिस्तान को आगे ले जाना चाहते हैं और इसके लिए जरूरी है कि हमारे सभी मुल्कों से बेहतर रिश्ते हों। क्या आप भी यही नहीं चाहते? (समर्थकों से पूछा) क्या जंग से किसी मसले का हल निकाला जा सकता है? हमने सिर्फ केंद्र में नहीं बल्कि पंजाब प्रांत में भी जीत हासिल की है।
30 साल से कम उम्र के लोग मेरी पार्टी के रहनुमा हैं। यूथ ही हमारी ताकत है। शाहबाज शरीफ ने इनके लिए लैपटॉप का ऑर्डर कर दिया है। अस्पतालों में मुफ्त दवाइयां मिलेंगी। स्कॉलरशिप देंगे। एक बार साथ तो आइए ताकि मुस्तबिल (फ्यूचर) संवारा जा सके।
हम पाकिस्तान का दर्द अपने सीने में रखते हैं- नवाज शरीफ
नवाज ने समर्थकों से कहा- मैं सबसे कह रहा हूं कि चलिए बैठिए, मुल्क को मुश्किल से निकाले। आप जानते हैं कि हमने मुल्क के लिए क्या किया है। हमने मुल्क की इकोनॉमी और हिफाजत के लिए क्या किया है?
उन्होंने कहा- ये आप जानते हैं। हमने मईसत यानी अर्थ व्यवस्था के लिए क्या किया है। ये भी आप जानते हैं। हम पाकिस्तान का दर्द अपने सीने में रखते हैं। आज हमें जो मेंडेट मिला है, आज सब पार्टियां मिलकर बैठें। और पाकिस्तान को भंवर से निकालें।
नवाज ने कहा- मुल्क को भंवर से निकालेंगे
नवाज शरीफ लाहौर में अपनी पार्टी के दफ्तर में समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब पार्टियों के मैनडेट को एहतराम करते हैं। चाहे वो मैनडेट हो या फर्जीवाद हो। हम चाहते हैं कि सब पार्टियां हमारे साथ आएं और देश के लिए काम किए। नवाज ने कहा हमारी पार्टी PML-N सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
स्वात के शांगला में गोलीबारी; PTI का दावा- 4 की मौत 10 घायल
स्वात में PTI समर्थक नतीजे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यहां प्रदर्शन हो रहे हैं । इस बीच गोलीबारी में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है। जबकि 8 से 10 लोग घायल हैं। वहीं PTI ने दावा किया है कि यहां 4 लोगों की मौत हुई है।
पूर्व गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह NA-100 सीट से हारे
PMLN के पूर्व गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह फैसलाबाद सीट (NA-100) से हार गए हैं। उन्हें PTI समर्थक उम्मीदवार निसार जट ने 19 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।
PTI कार्यकर्ताओं ने शांगला में सरकारी गाड़ी में आग लगाई
खैबर पखतूनख्वा के शांगला जिले में PML-N के आमेर मुकाम के जीतने के बाद वहां इमरान के समर्थक हिंसा कर रहे हैं। इस दौरान PTI के कार्यकर्ताओं ने एक सरकारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
PTI का दावा- पंजाब के प्रांतीय चुनाव में मिला दो-तिहाई बहुमत
इमरान की पार्टी PTI ने दावा किया है कि पंजाब के प्रांतीय चुनाव में उन्हें दो-तिहाई सीटों पर बहुमत मिल गया है। PTI ने कहा- हमारे पास नतीजे आ चुके हैं। हम वहां सरकार जरूर बनाएंगे। हालांकि, पाकिस्तान के चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पंजाब के नतीजे दिखाई नहीं दे रहे हैं।
केयरटेकर सरकार बोली- जनता को नहीं पता कि इस वक्त मुल्क पर कितना ज्यादा खतरा
गौहर ने कहा- अवाम को नहीं पता है कि इस वक्त मुल्क और हमारी खुफिया एजेंसी किन खतरों से निपट रहे हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अगर एक भी घटना होती है, तो हजारों जान चली जाती हैं। इससे बचने के लिए हम 12 घंटे की परेशानी झेल सकते हैं। चुनाव आयोग, पुलिस और सुरक्षाकर्मी अपना काम कर रहे हैं।
केयरटेकर सरकार बोली- पड़ोसी मुल्क में इंटरनेट बंद होता है, हमारे यहां नहीं
पाकिस्तान में केयरटेकर सरकार के इंटीरियर मिनिस्टर (गृह मंत्री) गौहर ऐजाज और सूचना मंत्री मुर्तजा सोलंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।पाकिस्तान की केयरटेकर सरकार के 2 मंत्रियों ने चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
सूचना मंत्री ने कहा- वोटिंग के दौरान मुल्क में कहीं भी इंटरनेट या सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स बंद नहीं थे। भारत का नाम लिए बिना सोलंगी ने कहा- इंटरनेट सेवा हमारे पड़ोसी देश, अमेरिका और ब्रिटेन में बंद हो चुकी है, लेकिन यहां नहीं। किसी ने भी आतंकवाद से उतनी लड़ाई नहीं लड़ी, जितनी हम लड़ रहे हैं।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में धारा 144 लागू
पाकिस्तान में चुनाव नतीजों के बीच राजधानी धारा 144 लागू हो गई है। दरअसल, देशभर के कई शहरों में PTI कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। वो जल्द नतीजे घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
इस्लामाबाद में इमरान की पार्टी के 30 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
इस्लामाबाद पुलिस इमरान खान की पार्टी PTI के 30 कार्यकर्ताओं पर के खिलाफ केस दर्ज किया है। FIR के मुताबिक, इनमें से 10-15 लोगों के पास हथियार थे। सभी एक सार्वजनिक बैठक की तैयारी कर रहे थे।