जूडिथ सुमिनवा तुलुका कांगो की पहली महिला पीएम बनीं। दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति जुआन विसेंट पेरेज मोरा का 114 साल की उम्र में निधन हो गया। वहीं, SEBI ने स्कोर्स का नया वर्जन स्कोर्स 2.0 लॉन्च किया।
नेशनल (NATIONAL)
1. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह राज्यसभा से रिटायर: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 33 साल बाद 3 अप्रैल को राज्यसभा से रिटायर हो गए हैं। वे 1991 में सबसे पहली बार असम से राज्यसभा पहुंचे थे। छठी और आखिरी बार वे 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने। मनमोहन सिंह की जगह अब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा पहुंचेंगी।
20 फरवरी को उन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था।
राज्यसभा से कुल 54 सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है।
इनमें से 49 सांसद 2 अप्रैल को सदन से रिटायर हुए।
राज्यसभा के सदस्यों को विधायक चुनते हैं।
चुनाव के फॉर्मूले के तहत विधायकों की कुल संख्या में राज्यसभा की रिक्त सीटों में 1 जोड़कर भाग दिया जाता है।
जैसे- राजस्थान में 200 विधायक हैं और राज्यसभा की 3 सीटें खाली हैं।
ऐसे में 200 में 3+1(= 4) का भाग देने पर संख्या 50 आती है, जिसमें एक जोड़ने पर यह 51 हो जाता है।
इस तरह प्रत्येक प्रत्याशी को जीतने के लिए 51 वोट चाहिए।
इंटरनेशनल (INTERNATIONAL)
2. ताइवान में 25 साल का सबसे बड़ा भूकंप: 3 मार्च को ताइवान में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके जापान और फिलीपींस तक महसूस किए गए। ताइवान के फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, 7 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों के आंकड़े बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।भूकंप से एक इमारत टेढ़ी हो गई। आस-पास का इलाका खाली कराया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक भूकंप ईस्ट ताइवान के हुलिएन शहर में आया, जिसका केंद्र धरती से 34 किलोमीटर नीचे था।
भारतीय समय के मुताबिक सुबह 5:30 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए।
इस भूकंप में 700 से ज्यादा लोग घायल हैं और कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है।
यह ताइवान में 25 साल में आने वाला सबसे तेज तीव्रता वाला भूकंप है।
इसके पहले 1999 में 7.6 तीव्रता का भूंकप आया था, तब 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
3. कांगो की पहली महिला पीएम बनीं जूडिथ: 1 अप्रैल को अफ्रीकी देश कांगो गणराज्य के राष्ट्रपति फेलिक्स त्सेसीकेदी ने जूडिथ सुमिनवा तुलुका को प्रधानमंत्री नियुक्त किया। इसी के साथ जूडिथ, देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। पद संभालने के बाद प्रधान मंत्री तुलुका ने संघर्षग्रस्त पूर्वी प्रांतों में शांति और विकास लाने का संकल्प लिया।
कांगो के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रपति देश की सबसे बड़ी पार्टी विधायक दल के सदस्य को प्रधानमंत्री नियुक्त करता है।
राष्ट्रपति देश की सत्ता प्रधानमंत्री के साथ साझा करता है।
तुलुका की नियुक्ति ऐसे वक्त हुई है जब रवांडा की सीमा से लगे इलाके में तनाव का माहौल है।
इलाके की गोल्ड माइंस और दूसरे रिसोर्सेज पर 120 से ज्यादा आर्म्ड ग्रुप ने कब्जा कर लिया है।
कांगो, अल्जीरिया के बाद अफ्रीका का दूसरा सबसे बड़ा देश है।
निधन (OBITUARY)
4. दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का निधन: 2 अप्रैल को दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति जुआन विसेंट पेरेज मोरा का 114 साल की उम्र में निधन हो गया। जुआन, वेनेजुएला के रहने वाले थे। फरवरी 2022 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने उन्हें सबसे बुजुर्ग व्यक्ति घोषित किया था। उस वक्त उनकी उम्र 112 साल 253 दिन थी। जुआन का जन्म 27 मई 1909 को हुआ था।
उनके 11 बेटे, 41 नाती, पोते-पोतियां, 18 पड़पोते-पोतियां और 12 ग्रेट-ग्रेट ग्रैंडचिल्ड्रन हैं।
गिनीज की रिपोर्ट के मुताबिक, जुआन वो पेशे से एक किसान थे।
उन्होंने बताया था कि उनकी लंबी उम्र का राज कड़ी मेहनत, समय पर आराम करना और रोज एक ग्लास गन्ने से बनी शराब पीना है।
इससे पहले मार्च 2023 में दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला का निधन हुआ था।
साउथ अफ्रीका में रहने वाली जोहाना माजिबुको का जन्म 1894 में हुआ था, वे 128 साल की थीं।
बिजनेस (BUSINESS)
5. SEBI ने स्कोर्स 2.0 लॉन्च किया: 1 अप्रैल को सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने स्कोर्स का नया वर्जन स्कोर्स 2.0 लॉन्च किया। इससे इन्वेस्टर्स को शिकायतों की बेहतर ढंग से निगरानी करने में मदद मिलेगी। हालांकि, इन्वेस्टर्स पुराने स्कोर्स में कोई नई शिकायत दर्ज नहीं कर पाएंगे। SEBI ने बताया कि पुराने स्कोर्स में दर्ज की गई शिकायतों को स्कोर्स 2.0 पर देखा जा सकता है।
पुराने ऐप को बंद कर दिया गया है, उसकी जगह नया ऐप लॉन्च किया जाएगा।
स्कोर्स 2.0 को https://scores.sebi.gov.in से एक्सेस किया जा सकता है।
स्कोर्स SEBI की ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली है।
इस पर वेब यूआरएल और ऐप की मदद से इन्वेस्टर्स अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
SEBI ने स्कोर्स प्रणाली को जून 2011 में शुरू किया था।
आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY)
03 अप्रैल का इतिहास: 1973 में आज के दिन ही मोबाइल फोन से पहली कॉल की गई थी। ये कॉल मार्टिन कूपर ने जोएल एस एंजेल को किया था। कूपर को मोबाइल फोन का जनक कहा जाता है। उस समय कूपर मोटोरोला कंपनी के लिए काम करते थे। मार्टिन कूपर का मानना था कि एक सेलफोन को एक व्यक्ति का विस्तार होना चाहिए, इसे हर समय एक व्यक्ति के पास रहना चाहिए।
2010 में एप्पल का पहला आईपैड बाजार में लॉन्च हुआ था।
2008 में मेधा पाटकर को राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
2007 में नई दिल्ली में 14वां सार्क सम्मेलन शुरू हुआ था।
1999 में भारत ने पहला ग्लोबल टेलीकम्यूनिकेशन सैटेलाइट इनसैट-1ई का प्रक्षेपण किया था।
1325 में चिश्ती सम्प्रदाय के चौथे संत निजामुद्दीन औलिया का निधन हुआ था।