देश के 12 राज्यों में हीट वेव यानी लू का असर शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में यहां गर्मी और बढ़ेगी।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल और सिक्किम में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के 33 जिलों में ओले के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति-घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने बिहार के 24 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां स्कूलों की टाइमिंग बदलने या फिर समय से पहले छुट्टी देने का निर्देश दिए गए हैं।
हीट वेव से 17 या 18 अप्रैल तक मिलेगी राहत
स्काइमेट की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश पर एक साइक्लोन सर्कुलेशन तैयार होता दिख रहा है, जबकि एक ट्रफ लाइन कर्नाटक से पूर्वी मध्य प्रदेश तक फैलेगी। इसके अलावा, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक एंटी साइक्लोन सिस्टम बन रहा है जो मौसम प्रणाली में नमी बनाएगा। इस आधार पर 17 या 18 अप्रैल तक हीट वेव से लोगों को राहत मिल सकती है।
9 शहरों में 10 साल में गर्मी का पैटर्न: जयपुर, पुणे के 80% हिस्से हीट सेंटर बने
अप्रैल से जून तक औसत से दो गुना हीटवेव (लू) चलने के मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के बीच देश के अधिकांश शहर तप रहे हैं। गर्मी के बाकी महीनों में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की आशंका है।
इस सब के बीच देश में घनी आबादी वाले बड़े शहरों में ग्रीन स्पेस (हरियाली) और ब्लू एलिमेंट (जल स्रोत) का क्षेत्र घटने और ग्रे कवर (निर्मित क्षेत्र व बंजर जमीन) बढ़ने से ‘अर्बन हीट आईलैंड’ इफेक्ट तेजी से बढ़ रहा है। अधिकांश शहर तपते टापू के समान बन रहे हैं।
सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरन्मेंट (CSE) ने 2014 से 2023 तक देश के 9 प्रमुख शहरों की स्टडी में पाया कि नागपुर, अहमदाबाद, चेन्नई, पुणे और जयपुर का 80 फीसदी से अधिक इलाका हीट सेंटर (बेहद गर्म) में तब्दील हो गया है।
हीट सेंटर बने शहरों में जमीनी सतह का तापमान गर्मियों में पिछले दस में से लगातार छह साल 42 से 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सैटेलाइट इमेज से सामने आया कि नागपुर का 97% हिस्सा भट्टी जैसा हो जाता है। मई 2017 में तो जयपुर का 99.54% हिस्सा हीट सेंटर बन गया।
टाइल्स-सफेद पेंट से घर के भीतर का पारा 50 घटेगा
सस्टेनेबल हैबिटैट प्रोग्राम CSE के निदेशक रजनीश सरीन ने कहा कि शहरों में गर्मी से मुकाबले के लिए प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम यानी ग्रीन व ब्लू मास्टर प्लान बनाने चाहिए। इमारतों की छतों में रिफ्लेक्टिव मैटेरियल जैसे हीट रिफ्लेक्टिव टाइल्स, सफेद पेंट या हरी बेल लगाकर घर के भीतर का तापमान 5 डिग्री तक कम होता है। अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट को कम करने के लिए तेलंगाना ने कूल रूफ पॉलिसी में 2028 तक 300 वर्ग किमी क्षेत्र के कूल रूफ निर्माण का लक्ष्य रखा है।
राज्यों में मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: 33 जिलों में बारिश-ओले की संभावना, 30 से 50 Kmph की स्पीड से हवाएं चलेंगी
मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। इसकी जानकारी सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने दी।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन ओले, बारिश और आंधी का दौर चलेगा। छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में ओले भी गिर सकते हैं, जबकि प्रदेश के 33 जिलों में भी मौसम बदला रहेगा। 30 से 50 Km प्रति घंटे की स्पीड से आंधी भी चल सकती है।
बिहार: 24 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 10 अप्रैल से चलेगी लू
दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में 7 और 8 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना बन रही है।
बिहार में शुक्रवार को बक्सर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। बक्सर में तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में आज भी हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, पटना समेत कई जिलों में 10 अप्रैल से लू चलने की संभावना है। वहीं, 25 से 30 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें …
छत्तीसगढ़: 7-8 अप्रैल को बारिश के आसार, ओले गिरने की भी संभावना
छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों में मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज (6 अप्रैल) यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 7-8 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश, ओलावृष्टि होने की संभावना है।
झारखंड: 9 अप्रैल तक हीट वेव और बारिश का अलर्ट
राज्य में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से लेकर न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
राज्य में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से लेकर न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
झारखंड में मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक के लिए हीट वेव और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। झारखंड में राज्य के पूर्वी भाग में हीट वेव का असर देखा जा रहा है। दक्षिण पूर्वी भाग में कई जगहों पर रात में ही गर्व हवा का असर है।
हरियाणा: 10 अप्रैल से मौसम बदलेगा, बारिश की संभावना
हरियाणा में 10 अप्रैल तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बीच-बीच में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 11 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। 12 अप्रैल से 16 अप्रैल 2024 के बीच हरियाणा में तेज आंधी बारिश व ओलावृष्टि संभावना है।