मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (मध्य प्रदेश) श्री अनुपम राजन ने 23 मई को देवास में “केन्द्रीय विद्यालय बैंक नोट प्रेस” पहुँचकर मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। लोकसभा निर्वाचन-2024 अंतर्गत 4 जून को देवास जिले की 5 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान की मतगणना होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने विधानसभावार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान बताया गया कि देवास व हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना केंद्रीय विद्यालय भू-तल पर स्थित अलग-अलग हॉल में की जाएगी। वहीं सोनकच्छ, खातेगांव व बागली विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्षों में की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने मतगणना टेबल, मतगणना कार्य में संलग्न अधिकारी/कर्मचारियों की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।